
हाइलाइट्स
अप्रैल 2023 तक 8.6 करोड़ क्रेडिट कार्ड यूजर थे.
जो कि एक साल पहले की अवधि की तुलना में 15% ज्यादा हैं.
सिर्फ 4 बैंकों ने सबसे ज्यादा क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं.
नई दिल्ली. बिना पैसों के खर्च करने की सुविधा देने वाले क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल बहुत तेजी से बढ़ रहा है. कोरोनाकाल के बाद तो इसमें जबरदस्त इजाफा हुआ है. बैंकबाजार का कहना है कि अभी तक बैंकों ने 8 करोड़ से ज्यादा क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं. साल के आखिर तक यह संख्या बढ़कर 10 करोड़ होने का अनुमान है. लेकिन, क्या आपको यह पता है कि किस बैंक ने अब तक सबसे ज्यादा क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं. इस बारे में ज्यादातर का जवाब कोई सरकारी बैंक होगा, लेकिन असल में बाजी एक निजी बैंक ने मारी है.
अप्रैल 2023 तक 8.6 करोड़ क्रेडिट कार्ड यूजर थे, जो कि एक साल पहले की अवधि में 7.5 करोड़ की तुलना में 15 प्रतिशत ज्यादा हैं. हालांकि, क्रेडिट कार्ड बाजार में केवल कुछ ही खिलाड़ियों का वर्चस्व है क्योंकि भारत में 71 प्रतिशत क्रेडिट कार्ड सिर्फ 4 बैंकों द्वारा जारी किए गए हैं. रिपोर्ट यह भी बताती है कि औसत खर्च नई ऊंचाई पर पहुंच गया है.
इन बैंकों के क्रेडिट कार्ड पर टूट पड़े लोग
इस वृद्धि के बावजूद बाजार में केवल चार बैंकों एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का वर्चस्व है. ये चार ऋणदाता देश में जारी किए गए कुल कार्डों में से 71 प्रतिशत कार्ड जारी करते हैं. अगर सबसे ज्यादा क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंक की बात करें तो वह एचडीएफसी बैंक है.
एचडीएफसी 1.78 करोड़ से अधिक कार्ड और 5961 रुपये प्रति कार्ड के औसत लेनदेन के साथ लिस्ट में पहले नंबर है. इसके बाद एसबीआई है जिसके पास 5275 रुपये के औसत लेनदेन के साथ 1.68 करोड़ से अधिक कार्ड हैं. आईसीआईसीआई बैंक 1.45 करोड़ कार्ड और 4545 रुपये के औसत लेनदेन के साथ तीसरे स्थान पर है. जबकि एक्सिस बैंक 1.22 करोड़ कार्ड और 3643 रुपये का औसत लेनदेन है.
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल इतना ज्यादा क्यों?
क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में इतनी ज्यादा बढ़ोतरी के पीछे की वजह है ई कॉमर्स वेबसाइट्स और उन पर ऑनलाइन शॉपिंग. बता दें कि लोगों के लिए ई कॉमर्स साइट पर खरीदारी करना ज्यादा सुविधाजनक और आसान है. क्योंकि ई कॉमर्स साइट पर खरीदारी घर से ही होती है और घर पर ही डिलिवरी हो जाती है.
.
Tags: Credit card, Credit card limit, Loans against credit card
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 11:57 IST





