World Cup: दुनिया के सबसे अच्‍छे बॉलर के नाम पर दर्ज है सबसे ‘खराब’ बॉलिंग का रिकॉर्ड

नई दिल्‍ली. अफगानिस्‍तान के राशिद खान (Rashid Khan) का रुतबा शॉर्टर फॉर्मेट के सर्वश्रेष्‍ठ गेंदबाज के तौर पर है. अपनी विविधताभरी स्पिन बॉलिंग से राशिद गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा लेते हैं. वनडे और टी20 के लिहाज से बात करें तो राशिद न केवल बेहद किफायती हैं बल्कि उनकी गेंदों पर अपने विकेट को बचा पाना भी बैटर्स के लिए आसान नहीं होता. 24 वर्ष के इस ‘मिस्‍ट्री’ स्पिनर के रिकॉर्ड इसके गवाह हैं. 87 वनडे मैचों में 18.68 के औसत से 163 और 80 टी20I मैचों में 14.58 के औसत से 129 विकेट उनके नाम पर दर्ज हैं. यही नहीं,वनडे और टी20I मैचों में राशिद की इकोनॉमी भी बेहतरीन है. वनडे में 4.17 और टी20I में 6.18 की इकोनॉमी से उन्‍होंने रन दिए हैं.

इतने प्रभावी आंकड़ों के बावजूद क्‍या आप यकीन करेंगे कि वर्ल्‍डकप का सबसे महंगा गेंदबाजी विश्‍लेषण अफगानिस्‍तान के इस स्पिनर के नाम पर है. वर्ष 2019 के वर्ल्‍डकप (ICC Cricket World Cup-2019) में राशिद की गेंदों की जमकर ‘धुलाई’ हुई थी और उनके 9 ओवर के स्‍पैल में ही 12.22 के औसत से 110 रन बने थे. यह मैच इंग्‍लैंड ने 150 रन से जीता था.

18 जून 2019 को मैनचेस्‍टर में इंग्‍लैंड और अफगानिस्‍तान (England vs Afghanistan) के बीच खेले गए इस मैच में राशिद खान के लिए कुछ भी ठीक नहीं रहा था. अपने 9 ओवर के स्‍पैल में वे न तो कोई मेडन फेंक सके थे और न ही कोई विकेट ले पाए थे. इस मैच में उनकी गेंदों पर 11 छक्‍के और तीन चौके लगे थे यानी 110 रन में से 88 रन विपक्षी बैटरों ने बाउंड्री के जरिए ही बना लिए थे.

इस मैच में मेजबान इंग्‍लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 397 रन का विशाल स्‍कोर बनाया था. कप्‍तान इयोन मोर्गन टॉप स्‍कोरर रहे थे , उन्‍होंने महज 71 गेंदों पर चार चौकों और 17 छक्‍कों की मदद से 148 रन बना डाले थे. उनके अलावा जॉनी बेयरस्‍टॉ ने 90 (99 गेंद, आठ चौके और तीन छक्‍के) तथा जो रूट ने 88 (82 गेंद, पांच चौके और एक छक्‍का) रन बनाए थे. अफगानिस्‍तान की ओर से दौलत जादरान और गुलबदीन नैब ने तीन-तीन विकेट लिए थे. जवाब में अफगान टीम 50 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 247 रन ही बना पाई थी. हशमतुल्‍लाह शाहिदी ने सर्वाधिक 76, असगर अफगान ने 44, रहमन शाह ने 46 और गुलबदीन ने 37 रन बनाए थे. इंग्‍लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद ने तीन-तीन विकेट लिए थे. मार्क वुड ने दो विकेट हासिल किए थे.

Tags: Afghanistan Cricket, Cricket world cup, ICC ODI World Cup 2019, Rashid khan

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More