PM मोदी के US दौरे में अहम फैसला, भारत 8 अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी सीमा शुल्क हटाएगा, लिस्ट में शामिल हैं ये सामान


नई दिल्ली. भारत सरकार ने चना, दाल और सेब सहित आठ अमेरिकी सामानों पर अतिरिक्त जवाबी शुल्क (Retaliatory Customs Duties) को हटाने का फैसला किया है. जो 2019 में कुछ स्टील और एल्यूमीनियम सामानों पर शुल्क बढ़ाने के अमेरिका के कदम के जवाब में लगाए गए थे. सरकार के सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की हाल की अमेरिका की राजकीय यात्रा के दौरान दोनों देशों ने छह डब्ल्यूटीओ (World Trade Organisation-WTO) विवादों को खत्म करने और कुछ अमेरिकी उत्पादों पर इन जवाबी शुल्कों को हटाने का फैसला किया. अमेरिका ने 2018 में राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर स्टील उत्पादों पर 25 फीसदी और कुछ एल्यूमीनियम उत्पादों पर 10 फीसदी आयात शुल्क लगा दिया था. इसकी जवाबी कार्रवाई में भारत ने जून 2019 में 28 अमेरिकी उत्पादों पर सीमा शुल्क लगा दिया.

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक खबर के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम के जानकार एक सूत्र ने कहा कि भारत के अतिरिक्त शुल्कों को रद्द करने की अधिसूचना जारी होने के बाद इन आठ अमेरिकी मूल के उत्पादों पर शुल्क सबसे पसंदीदा देश (एमएफएन) के लिए लागू मौजूदा दर पर वापस आ जाएगा. ये टैरिफ 90 दिनों में खत्म हो जाएंगे. समझौते के हिस्से के रूप में भारत चना (10 प्रतिशत), दाल (20 प्रतिशत), ताजा या सूखे बादाम (7 रुपये प्रति किलो), छिलके वाले बादाम (20 रुपये प्रति किलो), अखरोट (20 प्रतिशत), ताजा सेब (20 प्रतिशत), बोरिक एसिड (20 प्रतिशत), और डायग्नोस्टिक रीजेंट्स (20 प्रतिशत) पर लगे अतिरिक्त शुल्क को हटा देगा.

अमेरिकी सांसदों और इंडस्ट्री लीडर्स ने इन शुल्कों को खत्म करने के लिए भारत के साथ एक समझौते की घोषणा का स्वागत किया है. गौरतलब है कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है. 2022-23 में दोनों देशों का व्यापार बढ़कर 128.8 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया, जबकि 2021-22 में यह 119.5 अरब अमेरिकी डॉलर था. डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद केंटवेल ने कहा कि ‘भारत ने घोषणा की है कि वह उस जवाबी टैरिफ हटा रहा है, जिससे वाशिंगटन के 1,400 से अधिक सेब उत्पादकों के लिए भारतीय बाजार बंद हो गया था. अब हमारे उत्पादकों को एक बार फिर 120 मिलियन अमेरिकी डॉलर के इस बाजार तक पहुंच हासिल होगी.’ सेब के लिए भारत अमेरिका का दूसरा बड़ा निर्यात बाजार था.

Tags: Custom duty, India US, PM Modi in America, Pm narendra modi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More