
नई दिल्ली. दिल्ली-NCR में लोगों को लगातार एक हफ्ते तक बारिश (Rainfall) का आनंद उठाने का मौका मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department- IMD) ने दिल्ली में 1 जुलाई तक लगातार बारिश होने की उम्मीद जताई है. दिल्ली में 26 जून को अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) केवल 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आज दिल्ली में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश होगी. दिल्ली में 25 जून को अधिकतम तापमान महज 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम रहा. दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 48.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.
आईएमडी के मुताबिक मॉनसून (Monsoon) अब मुंबई, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ चुका है. मानसून की उत्तरी सीमा अब वेरावल, वल्लभ विद्यानगर, उदयपुर, नारनौल, अम्बाला और कटरा से गुजर रही है. अगले 2 दिनों के दौरान गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. आईएमडी ने 26 जून को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान, महाराष्ट्र, विदर्भ, कोंकण और गोवा में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश (Very Heavy rainfall) होने की संभावना जताई है.
आईएमडी के मुताबिक आज असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक और केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है. आईएमडी ने भारी बारिश के कारण राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है.
आईएमडी ने आज तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, केरल और माहे, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी अलग-अलग जगहों पर बिजली, तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.
आईएमडी के मुताबिक आज अरब सागर और मन्नार की खाड़ी के आसपास के हिस्सों और उत्तर आंध्र प्रदेश तट और निकटवर्ती पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवा चलने की संभावना है. केरल-कर्नाटक-महाराष्ट्र तटों, लक्षद्वीप-कोमोरिन क्षेत्र, श्रीलंका तट के पास, ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों के पास और आसपास तूफान की गति 40-45 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. मछुआरों को इन इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
.
Tags: Delhi Weather Update, Heavy rain, Monsoon, Weather updates
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 06:24 IST





