
नई दिल्ली. मंथली डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट के निपटान के बीच छुट्टियों वाले इस सप्ताह में शेयर बाजारों की दिशा काफी हद तक वैश्विक शेयर बाजारों के रुख, फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर (FII) की कारोबारी गतिविधियों और मानसून की प्रगति पर निर्भर करेगी. शेयर बाजार बुधवार को बकरीद (28 जून, 2023) के अवसर पर बंद रहेंगे.
स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने कहा, ”बाजार में स्पष्ट संकेतों की कमी रहने की उम्मीद है, लेकिन जून के मासिक डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट के निपटान से कुछ अस्थिरता आ सकती है. घरेलू मोर्चे पर मानसून की चाल महत्वपूर्ण होगी और अच्छी बात है कि ये रफ्तार पकड़ रही है. वैश्विक बाजारों में निवेशक कच्चे तेल की कीमतों, डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड पर बारीकी से नजर रखेंगे.”
डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट के निपटान के कारण अस्थिरता
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (टेक्निकल रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा, ”हमें उम्मीद है कि इस सप्ताह जून महीने के मंथली डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट के निपटान के कारण अस्थिरता अधिक रहेगी. अमेरिकी बाजारों में हालिया गिरावट ने निश्चित रूप से बाजार को सतर्क कर दिया है, लेकिन डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 33,500 से ऊपर स्थिरता बनी हुई है. इससे सुधार की उम्मीद बनी हुई है. इसके अलावा मुनाफावसूली के बाद व्यापक सूचकांकों के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी.”
महंगाई पर लगाम लगाने पर जोर दे रहे हैं दुनिया भर के केंद्रीय बैंक
वैश्विक शेयर बाजारों में मंदी के रुख और केंद्रीय बैंकों द्वारा दरों में बढ़ोतरी की चिंताओं ने पिछले सप्ताह निवेशकों को हतोत्साहित कर दिया. जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”वैश्विक संदर्भ में, दुनिया भर के केंद्रीय बैंक इस समय महंगाई पर लगाम लगाने पर जोर दे रहे हैं. उन्होंने तय लक्ष्य को हासिल करने की प्रतिबद्धता दोहराई है.” उन्होंने कहा कि वैश्विक चिंताओं के बावजूद अनुकूल घरेलू इकोनॉमिक इंडिकेटर्स और अंतरराष्ट्रीय जिंस कीमतों में सुधार के कारण घरेलू बाजार में कोई बड़ी गिरावट की आशंका नहीं है.
पिछले हफ्ते बाजार में रही कमजोरी
पिछले हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 405.21 अंक या 0.63 फीसदी गिर गया था.
.
Tags: BSE, Nifty, NSE, Sensex, Share market
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 23:05 IST





