
सुशील शर्मा/महेंद्रगढ़: जून के इस महीने में लोग तपती गर्मी से परेशान हैं. भीषण गर्मी में लोग फैन, कूलर, एसी ऑन करके रखते हैं. रात हो या दिन गर्मियों के इस मौसम में अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं. लेकिन एक ऐसा शख्स भी है जो इस भीषण गर्मी में भी अलाव ताप रहा है. एक नहीं, 3-3 रजाई ओढ़ रहा है. यही नहीं, वह दिनभर गर्म टोपी पहनकर कान भी ढके रहता है और दोपहर में शाल ओढ़कर बाहर निकलता है. इसके बाद भी इस शख्स के शरीर से पसीने की एक बूंद तक नहीं निकलती.
जाहिर है, आपको आश्चर्य हो रहा होगा, लेकिन यह सच है. महेंद्रगढ़ में रहने वाले संतलाल को भीषण गर्मी में भी भयंकर ठंड लगती है. गांव डेरोली अहीर में रहने वाले संतलाल के आगे डॉक्टर भी नतमस्तक हैं. विशेषज्ञों ने तो संतलाल को दुनिया का अजूबा बताया है. दरअसल, संतलाल को सर्दी में गर्मी और गर्मी मे सर्दी का अहसास होता है. जहां जून के महीने में तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा चुका है, संतलाल 4 से 5 रजाइयां ओढ़ कर रखते हैं. यही नहीं, जब रजाइयां ओढ़ने पर भी संतलाल को ठंड लगती है तो वह अलाव जला कर सेकते हैं. संतलाल देश में चर्चा का विषय हैं.
सर्दियों में बर्फ पर लेटते हैं संतलाल
वहीं अगर आप संतलाल को सर्दियों के मौसम में देखेंगे तो भी आप चौंक जाएंगे. संतलाल के परिजन बताते हैं कि संतलाल को सर्दियों में गर्मी लगती है. ठंड से कंपकपाने वाले दिनों में संतलाल बर्फ की सिल्ली पर लेटते हैं और सुबह 5 बजे जाकर तालाब में स्नान करते हैं. कई बार तो संतलाल सारा दिन पानी में ही रहते हैं. परिजनों के मुताबिक संतलाल को आजतक कोई बीमारी नहीं हुई. संतलाल को एक बार जिला प्रशासन 1 लाख रुपये देकर सम्मानित भी कर चुका है.
डॉक्टर भी हैरान
अब इसे अजूबा कहें या फिर विचित्र प्राणी. संतलाल को उनके गांव में लोग मौसम विभाग कहकर पुकारते हैं. संतलाल के बारे में सुनने के बाद कई बार बाहर से डॉक्टरों की टीम ने आकर उनकी जांच भी की. लेकिन आजतक कोई ये पता नहीं लगा पाया की संतलाल को ठंड में गर्मी और गर्मियों में ठंड क्यों लगती है. वहीं संतलाल साल 2017 में बर्फ की सिल्ली पर लेटकर विश्व रिकॉर्ड भी बना चुके हैं.
.
Tags: Ajab Gajab news, Haryana news, Local18, Unique news
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 18:05 IST





