
अंजली शर्मा/कन्नौज. उत्तर प्रदेश के कन्नौज में समाज कल्याण विभाग में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में बजट के ना आने के कारण लगभग 400 आवेदक कार्यालय के चक्कर काटने पर मजबूर हैं. गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों (बीपीएल वर्ग) के लिए यह महत्वपूर्ण योजना बजट के अभाव में लटक गई है. पिछले कई दिनों से आवेदक प्रतिदिन कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन हर बार उनको अधिकारियों से निराशा सुनने को मिलती है.
बीपीएल वर्ग के लोगों के लिए राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत परिवारों को लाभ दिया जाता है. समाज कल्याण विभाग को इस योजना के क्रियान्वयन का जिम्मा सौंपा गया है. इसमें परिवारों के मुख्य कमाऊ मुखिया महिला या पुरुष की मौत के बाद उनके आश्रितों को योजना का ऑनलाइन आवेदन करना होता है. इसके बाद योजना के तहत उनको 30 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
कौन कर सकता है आवेदन
इस योजना का लाभ पाने के लिए इसमें कई शर्ते हैं. मुख्य रूप से गरीबी रेखा के नीचे आना होता है. वहीं, शहरी क्षेत्रों में आवेदनकर्ता के परिवार की सालाना आय 56,000 रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. जबकि, ग्रामीण क्षेत्रों के परिवार की आय सालाना 46,000 रुपये से अधिक ना हो. ऐसी स्थिति में ही कोई परिवार इस योजना के लिए आवेदन कर सकता है.
कन्नौज जिले के आठ ब्लॉक में मार्च 2023 से अभी तक करीब 400 आवेदन आए हैं. आवेदन की जांच एडीओ समाज कल्याण समेत कई अधिकारियों से कराई गई थी. जिसके बाद आवेदन की सूची शासन को भेज दी गई थी, लेकिन शासन की तरफ से अभी तक लाभार्थियों के खाते में धनराशि नहीं भेजी गई है. इस बेरूखी की वजह से लाभार्थी परेशान हैं.
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की सफाई
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बजट के लिए शासन को पत्र लिखा गया है. बजट मिलने पर लाभार्थियों के खाते में तत्काल धनराशि भेज दी जाएगी. बजट के संबंध में लगातार शासन से पत्राचार किया जा रहा है. जो भी लाभार्थी यहां पर आते हैं, उनको जानकारी अवगत करा दी जाती है. जैसे ही शासन की तरफ से बजट आवंटित होगा उनके खाते में पैसा पहुंच जाएगा. उम्मीद है कि समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा.
.
Tags: BPL ration card, Kannauj news, Local18, UP Government, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 17:02 IST





