
अश्वनी कुमार/झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है. यहां एक शराबी पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. यही नहीं, वारदात को अंजाम देने से पहले हत्यारे पति ने अपनी पत्नी और पांचों बच्चों के खाने में नींद की गोली मिला दी. सबके साथ खाना खाते हुए पति संजीव रायकवार ने चालाकी से नींद की गोली मिला कर खाना बदल लिया. इसके बाद जैसे ही पत्नी और बच्चे नींद की गोली मिला हुआ खाना खा कर सो गये, उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी.
घटना जिला के प्रेम नगर थाना क्षेत्र की है. हत्यारोपी पति वारदात के बाद नौकरी के सारे सबूत मिटा कर फरार हो गया. मृतका के मायकेवालों ने आरोपी पति पर शराब के नशे में धुत रहने और उसके किसी अन्य महिला से अवैध संबंध का आरोप लगाया है. इसको लेकर दोनों पति-पत्नी में अक्सर लड़ाई होती रहती थी. उन्होंने बताया कि बीते 23 जून को आरोपी संजीव रायकवार का झगड़ा पत्नी रेखा रायकवार से हुआ था. रेखा मायके में होने वाली एक शादी में जाने की जिद कर रही थी. संजीव के मना करने के बावजूद जब रेखा नहीं मानी तो नाराज हो कर उसने उसे मारने का प्लान बनाया. वो बाजार से नशे की गोलियां ले आया और रात के खाने में नशे की गोलियों को मिला दिया. फिर उसने पत्नी और बच्चों के साथ बैठ कर वो ही खाना खाया.
नींद की दवाई मिले खाना को खाने के बाद वो खुद और सभी लोग गहरी नींद में सो गए. बाद में जब संजीव की आंख खुली तो उसने अपनी पत्नी रेखा की चाकू से गोद कर हत्या कर दी.
घटना के संबंध में एसपी सिटी ज्ञान कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के मायकेवालों ने आरोप लगाया है कि उसके पति संजीव का प्रेम नगर में रहने वाली एक महिला से अफेयर है. पति के अवैध संबंधों के कारण संजीव और रेखा में अक्सर झगड़ा होता था. पुलिस इस मामले में हर बिंदु पर जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपी संजीव रायकवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
.
Tags: Crime news of up, Jhansi news, Local18, Up news in hindi, Wife murder
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 16:29 IST





