
शानू कुमार/बरेली. बरेली कॉलेज में स्नातक कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश के लिए इच्छुक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शुरू की गई है. महाविद्यालयों को एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने के निर्देश जारी कर दिए हैं.
कॉलेज की प्रवेश नियंत्रक प्रोफेसर वंदना शर्मा ने बताया कि पहले चरण में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए कार्यक्रम घोषित किया गया है. पहले दिन (शनिवार) को 150 से ज़्यादा आवेदन हुए हैं. जिनमें बीए में 72, बीकॉम में 35 और बीएससी बायो में 29 और मैथ्स में 20 छात्रों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है. कॉलेज की प्रवेश समिति के मुताबिक प्रवेश प्रक्रिया 8 जुलाई तक होगी.
ऐसे करें आवेदन
प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि छात्र पहले MJP रोहिलखण्ड यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराएं. उसके बाद bcbonlineadmission.com वेवसाइट पर जाकर बरेली कॉलेज के लिए अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं. पंजीकरण के लिए छात्र अपना यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रेशन फॉर्म, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, ईमेल आईडी, दो मोबाइल नंबर, कक्षा 10 और 12 की मार्कशीट और आरक्षण का प्रमाण पत्र ज़रूर दें. अगर यह सब चीजें हैं तो छात्र आसानी से आवेदन कर सकता है. साथ ही सभी पत्रों की स्कैन कॉपी से ही आवेदन सफलतापूर्वक किया जा सकेगा.
चार स्टेप
1) प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए इच्छुक छात्र यूनिवर्सिटी के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर URN डिटेल जारी कराएंगे. प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक रजिस्ट्रेशन डिटेल सुरक्षित रखना होगा.
2) छात्र URN डिटेल के जरिए बरेली कॉलेज की वेबसाइट पर अपने इच्छुक कोर्स में आवेदन कर सकेंगे.
3) आवेदन होने के बाद मेरिट सूची घोषणा होगी. उसके बाद मेरिट में नाम आ जाने और कॉलेज से मेसेज द्वारा सूचना प्राप्त होने के बाद छात्र अपने इच्छुक विषयों को भरकर ऑनलाइन माध्यम से शुल्क जमा कर सकेंगे.
4) छात्र के द्वारा आवेदन के समय लगाए गए सभी ऑरिजिनल प्रमाणपत्रों का वेरिफिकेशन कराने के बाद छात्रों को सूचना भी दी जाएगी कि उनकी प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.





