
शिवमोग्गा. कर्नाटक पुलिस ने तमिलनाडु और केरल के तीन स्टूडेंट को कर्नाटक के शिवमोग्गा में अपने किराए के घर पर हाई-टेक फॉर्मिंग के जरिये कथित तौर पर भांग (Cannabis) उगाने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है. कर्नाटक पुलिस के मुताबिक एक आरोपी की पहचान तमिलनाडु के कृष्णागिरी निवासी विघ्नराज (28 साल) के रूप में हुई है. जो एक निजी मेडिकल कॉलेज का स्टूडेंट है और उसे अपने किराए के घर पर भांग उगाते हुए पाकड़ा गया था. शिवमोग्गा के पुलिस अधीक्षक जीके मिथुन कुमार ने कहा कि ‘पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पिछले साढ़े तीन महीने से इस धंधे में शामिल थे.’
पुलिस ने अन्य दो आरोपियों की पहचान केरल के इडुक्की निवासी विनोद कुमार (27 साल) और तमिलनाडु के धर्मपुरी निवासी पांडीदोराई (27 साल) के रूप में की हैं. इनको पुलिस की एक छापेमारी के दौरान तब गिरफ्तार किया गया, जब वे प्रतिबंधित सामान खरीदने आए थे. इससे पहले ही पुलिस को सतर्क कर दिया गया था. एसपी ने कहा कि ‘छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 227 ग्राम गांजा, 1.53 किलो कच्चा गांजा, 10 ग्राम चरस, गांजा के बीज वाली एक छोटी बोतल, 3 भांग के तेल की सीरिंज और गांजा पाउडर बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो कैन बरामद कीं.’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इनके कब्जे से एक इलेक्ट्रॉनिक तौलने की मशीन, एक एग्जिट फैन, छह टेबल फैन, दो स्टेबलाइजर, तीन एलईडी लाइट, रोलिंग पेपर, दो हुक्का पाइप, 4 हुक्का कैप और गांजा की डंठल और 19 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए. शिवमोग्गा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (Indian Penal Code- IPC) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि विघ्नराज को शिव गंगा लेआउट महादेवपुरा में अपने किराए के घर पर बर्तनों में भांग उगाते हुए पाया गया. वह मकान मालिक या और बिना किसी की नजर में आए घर के अंदर एक कृत्रिम वातावरण बनाकर बर्तनों में भांग उगा रहा था. उसने कॉलेज के छात्रों को गांजा बेचा था. पुलिस अधिकारी ने कहा कि ‘यह देखने के लिए आगे की जांच चल रही है कि क्या अन्य लोग भी इसमें शामिल हैं.’
.
Tags: Cannabis Farming, Crime News, Karnataka News
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 13:42 IST





