शिमला. हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मॉनसून (Monsoon) की एंट्री के 48 घंटे में ही पहाड़ों में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. आलम यह है कि मंडी जिले में दो लोगों की जहां मौत हुई है. वहीं, सराज, बग्स्याड, गोहर में गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. मंडी (Mandi) जिले में सबसे अधिक बारिश हुई है. 48 घंटे में मंडी जिले में 200 एमएम के करीब पानी बरसा है. ऐसे में यहां कई खड्डे ऊफान पर हैं और नालों में पानी बढ़ा है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात और रविवार सुबह प्रदेशभर में बारिश हुई है. सिरमौर जिला में रविवार सुबह से ही भारी बारिश का क्रम लगातार जारी है. गिरी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गिरी जटोंन डैम के गेट खोले गए हैं. साथ लगते मैदानी इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को जताते हुए प्रशासन ने अलर्ट किया गया है. जिला के संगड़ाह में IPH दफ्तर की सुरक्षा दीवार ढह गई है. कुल्लू में भारी बारिश से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है.कुल्लू के मौहल खड्ड में बीती रात पानी बढ़ने से 8 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं. ये वाहन खड्ड किनारे पार्किंग में खड़े किए गए थे. जेसीबी से सभी वाहनों को खड्ड से बाहर निकाला गया है.
मंडी जिले में तबाही
मंडी जिले में शनिवार को चंडीगढ़ मनाली हाईवे पर ड्योढ में पीडब्ल्यूडी के लेबरर पर पत्थर गिर गया और उसकी मौत हो गई. मंडी के ही सुंदरनगर में डेहर के पास सतलुज नदी में एक बुजुर्ग बकरियों सहित बह गया. बुजुर्ग का अब तक पता नहीं चला है. सराज के जंजैहली के गांव तुंगाधार में बाढ़ आ गई. इस कारण नाले के साथ खड़े किए गए 4 वाहनों को नुकसान पहुंचा है. इसमें एक ट्रैक्टर, स्कार्पियो, पिकअप औल टाटा की जेस्ट गाड़ी है.
मंडी जिला में कुदरत ने जमकर तांडव मचाया है. सराज के जंजैहली के गांव तुंगाधार में बाढ़ आ गई.
सराज के ही बगस्याड़ में भूस्खलन से एक घर क्षतिग्रस्त और 2 गाड़ियां मलबे में दब गई हैं. बारिश के कारण चौलचौक-जंजैहली सड़क मार्ग भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है. जिला के उपमंडल गोहर के अंतर्गत गोहर बाजार से बाहवा संपर्क मार्ग पर बना पुल भारी बारिश के कारण पानी के वेग में बह गया है. इस कारण गोहर से ग्राम पंचायत दाण की तरफ आवाजाही बंद हो गई है.
अब तक कितना नुकसान
हिमाचल प्रदेश में शनिवार अल सुबह मॉनसून की एंट्री हुई थी. इस दौरान पांच घंटे बारिश हुई. उसके बाद से नुकसान की खबरें सामने आने लगी. शिमला में संजौली में मलबा गिरने से 3 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई. इसके अलावा, शिमला के अन्य इलाकों में गाड़ियों को नुकसान पहुंचा. सिरमौर के बड़ू साहिब में पंजाब रोड़वेज की बस सड़क किनारे अटक गई थी.
सराज के जंजैहली के गांव तुंगाधार में बाढ़ आ गई.
सिरमौर के नाहन-रेणुकाजी सड़क पर क्यारटू के पास रेणुकाजी जा रही एचआरटीसी की चलती बस पर चीड़ का पेड़ गिर गया और सवारियां बाल-बाल बच गईं. कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर शनिवार सुबह बारिश के बाद मलबा और पेड़ गिरने से यह ट्रैक बाधित हो गया और सेक्शन में चलने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया. हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले 2 दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
.
Tags: Himachal news, Kullu Manali News, Monsoon news, Shimla News Today, Weather Alert
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 10:05 IST





