
रितेश कुमार/समस्तीपुर. पिता के श्राद्ध में पहुंचे लोगों को पुत्र ने एक संदेश दिया है, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. दरअसल, जिले के खानपुर प्रखंड के शिवेशिंगपुर पंचायत के डगरूआ गांव के रहनेवाले रामबाबू साह के पर्यावरण संरक्षण के अनूठे प्रयासों की चौतरफा सराहना हो रही है. बता दें कि रामबाबू के पिता चन्द्रशेखर साह का निधन हो गया. इस दौरान रामबाबू ने अपने पिता के श्राद्धकर्म में शामिल होने आए हर एक शख्स को अमरूद का पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया. इस मौके पर भावुक होते हुए रामबाबू ने कहा कि जब तक यह पौधा आपलोगों के पास रहेगा, आपको मेरे पिता चंद्रशेखर शाह की याद आएगी.
पौधा वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सस्तीपुर जिले के ऑक्सीजनमैन के नाम से चर्चित राजेश कुमार सुमन और पूर्व सरपंच रतन बिहारी थे. कार्यक्रम के दौरान रामबाबू ने इन दोनों के हाथों से श्राद्ध में पहुंचने वाले सभी लोगों को फलदार पौधा देकर पर्यावरण का संदेश दिया. इस कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं ने भरपूर सहयोग दिया और रामबाबू के पर्यावरण संरक्षण को लेकर की जा रही इस अनूठे प्रयास की सराहना सभी लोग कर रहे हैं.
रामबाबू ने बताया कि हमारे पिता के मरने के बाद श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में पहुंचने वाले सभी लोगों को अपने पिता की याद में अमरूद का पौधा दिया है. जिससे लोगों को पर्यावरण का संदेश मिले और पौधे देखकर उन्हें मेरे पिता के याद हमेशा आती रहे.
पौधा वितरण के दौरान ऑक्सीजनमैन ने ग्रामीणों और अतिथियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए पौधरोपण को बढ़ावा देना आवश्यक है. इसी बात को ध्यान में रखकर श्राद्धकर्म में शामिल होने आए सभी लोगों को एक-एक फलदार पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का एक अनूठा प्रयास किया गया है. उन्होंने कहा कि हर श्राद्धकर्म के अवसर पर पूर्वजों के सम्मान में पौधरोपण का संस्कार हो. इस दौरान राजा बाबू साह, गोपाल राय, कारी साह, बच्चा साह, राहुल कुमार, लालतुस कुमार, गोलू कुमार, आकाश कुमार, मो. शाजिद सहित अन्य लोग शामिल थे.
.
Tags: Environment news, Local18, Samastipur news
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 07:23 IST






