कपिल देव का वो कैच…2 गेंदबाजों ने बनाया मैच, 2 बार की चैंपियन टीम हुई चित, भारत बना था विश्व विजेता


हाइलाइट्स

भारत ने 1983 में आज ही के दिन जीता था वर्ल्ड कप
फाइनल में 2 बार की चैंपियन टीम वेस्टइंडीज को दी थी शिकस्त

नई दिल्ली. सामने 2 बार की चैंपियन वेस्टइंडीज और स्कोरबोर्ड पर महज 183 रन. यानी जीत की उम्मीद न के बराबर थी. इसके बावजूद कपिल देव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया और भारत पहली बार वनडे का विश्व विजेता बना. आज भारत के वर्ल्ड चैंपियन बनने की बात इसलिए, क्योंकि आज ही के दिन यानी 25 जून 1983 को भारत ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीता था. इस जीत को पूरे 40 साल हो गए हैं. लेकिन, आज भी कपिल देव का इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान की बालकनी से वो विश्व कप की ट्रॉफी लहराना शायद ही कोई क्रिकेट फैन भूला होगा.

आज टीम इंडिया की गिनती क्रिकेट के पावरहाउस के रूप में होती है. लेकिन, 80 के दशक में ऐसा नहीं था. उस दौर में वेस्टइंडीज की तूती बोलती थी. विवियन रिचर्ड्स, एंडी रोबर्ट्स, मैल्कम मार्शल जैसे धाकड़ खिलाड़ी थे. जहां भी ये टीम उतरती थी, जीत दर्ज कर ही लौटती थी. 1983 के वर्ल्ड कप में भी वेस्टइंडीज को ही हॉट फेवरेट माना जा रहा था. फाइनल की शुरुआत भी ऐसी ही रही थी.

कपिल देव के कैच ने बनाया था मैच
वेस्टइंडीज ने भारत को 183 रन पर समेट दिया था और इस टारगेट का पीछा करते हुए एक वक्त 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे. विवियन रिचर्ड्स अपने अंदाज में बैटिंग कर रहे थे और 7 चौके की मदद से 28 गेंद में 33 रन ठोक चुके थे. लेकिन, मैच का पासा अचानक पलटा, जब रिचर्ड्स ने मदन लाल की एक गेंद पर बड़ा शॉट मारने की कोशिश की, गेंद हवा में काफी ऊपर गई और कपिल देव ने पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच लपका. इसके बाद तो वेस्टइंडीज के विकेटों का ऐसा पतझड़ लगा कि 76 रन के स्कोर पर 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए.

अमरनाथ ने फाइनल में 3 विकेट लिए थे
क्रिकेट की दुनिया में ये आहट होने लगी कि बड़ा उलटफेर होने वाला है और ऐसा ही हुआ. मोहिंदर अमरनाथ ने 52वें ओवर की आखिरी गेंद पर माइकल होल्डिंग को क्लीन बोल्ड कर वेस्टइंडीज को 140 रन पर ढेर कर भारत को विश्व चैंपियन बना दिया. फाइनल में अमरनाथ को मैन ऑफ द मैच चुना गया था. उन्होंने 26 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी लिए थे. वो सेमीफाइनल के भी प्लेयर ऑफ द मैच थे. फाइनल में कृष्णमाचारी श्रीकांत (38) टॉप स्कोरर थे.

पाकिस्तान मूल का ‘सिकंदर’ जल्द रचेगा इतिहास, बना जिम्बॉब्वे का ट्रंप कार्ड, अब दुनिया में चलता है नाम

रोजर बिन्नी ने टूर्नामेंट में सबसे अधिक शिकार किए थे
1983 के विश्व कप में भारत के लिए सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की अगर बात की जाए तो मौजूदा समय में बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे. उन्होंने कुल 18 शिकार किए थे. भारत के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान कपिल देव ने बनाए थे. कपिल ने 8 मैच में कुल 303 रन ठोके थे.

Tags: India vs west indies, Kapil dev, On This Day, Roger Binny, Team india, World cup 1983

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More