हम कुश्ती छोड़ देंगे… आपने तो जहर फैलाने का काम किया है, बजरंग का ‘गुरु’ योगेश्वर को खुला चैलेंज


हाइलाइट्स

आंदोलनकारी पहलवानों ने सोशल मीडिया को बनाया अखाड़ा
योगेश्वर दत्त की देखरेख में बजरंग ने कुश्ती के दांव पेच सीखे हैं

नई दिल्ली. एशियाई खेलों के ट्रायल्स से छूट मिलने के लिए साथी पहलवानों के विरोध का सामना कर रहे आंदोलनकारी पहलवानों ने आईओए के तदर्थ पैनल से इस तरह की छूट की मांग करने से इनकार किया है और कहा है कि अगर यह साबित हो गया तो वे कुश्ती छोड़ देंगे. लंदन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने शुक्रवार को तदर्थ पैनल के फैसले पर सवाल उठाए थे कि क्या ये पहलवान इस तरह की छूट हासिल करने के लिए ही विरोध कर रहे थे. उन्होंने जूनियर पहलवानों, उनके कोचों और अभिभावकों से इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही थी.

योगेश्वर दत्त (Yogeshwar Dutt) ने कुछ और भी आरोप लगाए थे और बजरंग (Bajrang Punia), साक्षी मलिक और विनेश फोगाट की तिकड़ी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स को संबोधित करते हुए पूर्व पहलवान  की ओर से की गई टिप्पणियों का जवाब दिया. साक्षी मलिक ने कहा, ‘हमने ट्रायल्स में छूट नहीं मांगी थी, बस तैयारी के लिए समय मांगा था. हमने किसी का भी अधिकार नहीं छीना. हमने सिर्फ समय मांगा था क्योंकि हम कुश्ती से छह महीने दूर रहे थे लेकिन आप गलत जानकारी फैला रहे हो.’

साक्षी, विनेश और बजरंग को छूट क्यों?, दूसरे रेसलर्स के साथ यह धोखा है, IOA पैनल के फैसले पर उठे सवाल

‘आपने तो जहर फैलाने का काम किया है’
टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया ने कहा, ‘अगर आपको एक मुकाबले के ट्रायल से परेशानी थी तो आपको खेल मंत्री के पास जाना चाहिए था. लेकिन आपने सोशल मीडिया के जरिए जहर फैलाने का फैसला किया. अगर यह साबित हो जाए कि हमने छूट मांगी थी तो हम कुश्ती छोड़ने को तैयार हैं. हमने छूट के लिए कभी कोई पत्र नहीं लिखा.’ हालांकि तीनों पहलवानों में से किसी ने भी यह नहीं कहा कि वे पूर्ण ड्रॉ में खेलने के इच्छुक हैं और फाइनल में सीधे प्रवेश स्वीकार नहीं करेंगे.

कोच ज्ञान सिंह और अशोक गर्ग ने छूट की मांग की थी
पता चला है कि तदर्थ पैनल में शामिल किए गए दो कोच ज्ञान सिंह और अशोक गर्ग ने ही छह पहलवानों के लिए ट्रायल से छूट मांगी थी. ज्ञान सिंह और अशोक गर्ग पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर उनके साथ थे. साक्षी ने योगेश्वर दत्त से गलत संदेश फैलाने से बचने को कहा कि छह पहलवान ‘सिर्फ जीतना चाहते थे और एक ट्रायल में भाग लेना चाहते थे. अपने जीवन में हम कभी भी बिना किसी ट्रायल्स के नहीं रहे और कभी भी किसी जूनियर को वंचित नहीं किया.’
इस तिकड़ी के अलावा बजरंग की पत्नी संगीता फोगाट, साक्षी के पति सत्यव्रत कादियान और जितेंद्र किन्हा को छूट दी गई है.

‘बृज भूषण शरण सिंह को सजा मिलने तक हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे’
योगेश्वर दत्त ने शुक्रवार को एक ट्विटर वीडियो में इस फैसले पर सवाल उठाए थे जिसके बाद विनेश ने उनकी आलोचना की थी. इन पहलवानों ने अपनी लड़ाई जारी रखने की कसम भी खाई. विनेश ने कहा, ‘बृज भूषण शरण सिंह को सजा मिलने तक हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे, हम आरोप पत्र दाखिल होने का इंतजार कर रहे हैं.’ साक्षी, बजरंग और विनेश फोगाट महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

Tags: Bajrang punia, Sakshi Malik, Vinesh phogat, Yogeshwar Dutt

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More