सुंदर पिचाई का बड़ा ऐलान, भारत में 10 अरब डॉलर का निवेश करेगा Google, डिजिटलाइजेशन को मिलेगा बढ़ावा

नई दिल्ली. दिग्गज टेक कंपनी गूगल (Google) के सीईओ सुंदर पिचाई ने बड़ा ऐलान किया है. दरअसल, गूगल भारत के डिजिटलाइजेशन में 10 अरब डॉलर का निवेश करने जा रहा है. पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह बात कही. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा कदम है, जो फिनटेक में भारत के नेतृत्व को पहचान देगा और भारत, अमेरिका के साथ ही पूरी दुनिया में छोटे और बड़े व्यवसायों की मदद करेगा. पिचाई ने गांधीनगर के गिफ्ट-सिटी (GIFT CITY) में गूगल का ग्लोबल फिनटेक ऑपरेशन सेंटर खोलने की भी घोषणा की.

प्रधानमंत्री ने पिचाई के अलावा, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला, एप्पल के सीईओ टिम कुक, ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन और एएमडी के सीईओ लिसा सु सहित कई अन्य सीईओ से भी मुलाकात की.

पिचाई ने कहा, ‘‘हम गुजरात की गिफ्ट सिटी में अपना वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र खोलने की आज घोषणा कर रहे हैं. इससे भारत के फिनटेक नेतृत्व को मजबूती मिलेगी, जिसमें यूपीआई और आधार की अहम भूमिका है. हम उस नींव पर निर्माण करेंगे और इसे विश्व स्तर पर ले जाएंगे. देश ने जो प्रगति की है, विशेष रूप से डिजिटल इंडिया और आर्थिक अवसर के क्षेत्र में, उसे देखना रोमांचक है.’’

AI पर काम करने वाली कंपनियों में भी निवेश शामिल
पिचाई ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री से दिसंबर में मिला था और हमने अपनी बातचीत जारी रखी. हमने साझा किया कि गूगल भारत के डिजिटलीकरण फंड में 10 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश कर रहा है और हम इसके माध्यम से निवेश करना जारी रख रहे हैं, जिसमें एआई पर काम करने वाली कंपनियों में भी निवेश शामिल है. उसी के तहत हमारी 100-भाषाओं की पहल है. हम बहुत जल्द और अधिक भारतीय भाषाओं में ‘बोट’ ला रहे हैं.’’

डिजिटल इंडिया के लिए प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण समय से आगे
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के लिए प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण समय से आगे है. पिचाई ने कहा, ‘‘अब मैं इसे एक ऐसे ब्लूप्रिंट के रूप में देखता हूं, जिसका अनुकरण अन्य देश भी करना चाह रहे हैं.’’

विदेश मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिचाई को एआई, फिनटेक और साइबर सुरक्षा उत्पादों एवं सेवाओं के साथ-साथ भारत में मोबाइल उपकरण विनिर्माण के क्षेत्र में सहयोग के और रास्ते तलाशने के लिए आमंत्रित किया. प्रधानमंत्री और पिचाई ने अनुसंधान एवं विकास और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए भारत में गूगल तथा शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग पर भी चर्चा की.

साल 2004 से ही भारत में काम कर रहा है Google
जुलाई 2020 में, गूगल ने अगले 5-7 सालों में भारत में 10 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना की घोषणा की थी. गूगल 2004 से भारत में काम कर रहा है, जिसके देश के 5 प्रमुख शहरों- बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली एनसीआर, मुंबई और पुणे में कार्यालय हैं.

गिफ्ट-सिटी को ग्लोबल फिनटेक सेंटर बनाने में मदद
गिफ्ट-सिटी के एमडी और समूह सीईओ तपन रे ने कहा कि गिफ्ट-सिटी में अपना वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र स्थापित करने का गूगल का फैसला फिनटेक परिदृश्य में भारत की बढ़ती प्रमुखता का प्रमाण है. प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान हुई यह घोषणा सभी के हित में है. इससे गिफ्ट-सिटी को वास्तव में ग्लोबल फिनटेक सेंटर बनाने के हमारे माननीय प्रधानमंत्री के लक्ष्य में मदद मिलेगी. हम गिफ्ट-सिटी में गूगल की मेजबानी के लिए उत्सुक हैं.”

Tags: Google, Pm narendra modi, Sundar Pichai

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More