
हिना आजमी/देहरादून.उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दो मासूम बच्चियों की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कत्ल का आरोप पिता पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार है. मामला डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के केशवपुरी का है. आरोपी का नाम जितेंद्र साहनी है. मृतका आंचल तीन साल और अनीषा डेढ़ साल की थी. पुलिस ने बच्चियों की नानी की तहरीर पर जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है. उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है.
डोईवाला के कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि शुक्रवार रात हमें केशवपुरी के एक घर से दो बच्चियों की हत्या होने की सूचना मिली. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पता चला कि जितेंद्र साहनी नाम का शख्स, जोकि यहां मजदूरी करता था, ने ही अपनी बेटियों की हत्या की है. घटना के बाद से वह गायब है. वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है. यहां वह अपनी बेटियों और मां के साथ रह रहा था. बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है और वह इस समय हैदराबाद में रहती है. उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में ऐसा जान पड़ता है कि बच्चियों की हत्या गला दबाकर की गई है.
बेटियों की वजह से नहीं हो रही थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार, बेटा न होने की वजह से जितेंद्र परेशान रहता था. उसकी सास ने आरोप लगाया कि जितेंद्र इस वजह से उनकी बेटी से झगड़ा करता और उसके साथ मारपीट करता था. जिस वजह से वह घर छोड़कर चली गई थी.वह दूसरी शादी करना चाहता था लेकिन इसमें उसकी बेटियां रोड़ा बन रही थीं. दरअसल बेटियों की वजह से उसकी शादी नहीं हो रही थी. वह अक्सर कहता था कि या तो उसकी पत्नी वापस आ जाए वरना वह इन बच्चियों को छोड़ेगा नहीं.
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए हुआ टीम का गठन
बच्चियों की नानी अक्सर उनका हालचाल जानने के लिए आ जाती थीं. शुक्रवार शाम को भी जब वह जितेंद्र के घर आईं, तो दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला. जिसके बाद वह अंदर दाखिल हुईं, तो बच्चियों को उस हालत में देख वह चीखने-चिल्लाने लगीं. आसपास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी. कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है. जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
.
Tags: Crime News, Dehradun news, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 24, 2023, 18:32 IST






