
वाॅशिंगटन. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की यात्रा पर हैं. यह यात्रा भारत और अमेरिका के रिश्तों के साथ इस दौरान हुई कई बड़ी डील को लेकर भी ऐतिहासिक है. इस बीच अमेरिका में पीएम मोदी को दिए सम्मान को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को स्टेट गेस्ट का सम्मान दिया गया है. यह सम्मान न आज तक किसी को मिला था और न ही आगे किसी को मिलने की संभावना है. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यह बात जम्मू में सीएफएसएल साम्बा का शिलान्यास और विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह के दौरान कही.
अमित शाह ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर विकास के रास्ते पर चल रहा है और एक नया जम्मू-कश्मीर बन रहा है. पहले जिन युवाओं के हाथों में पत्थर थे, अब उनके हाथों में लैपटॉप देख बहुत सुकून मिलता है. अमित शाह ने कहा कि कंकड़ की जगह किताब लेकर पढ़े लिखे युवा न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि देश के भविष्य को संवार रहे हैं. उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटा कर पीएम मोदी ने पहाड़ी समुदाय, अनुसूचित जातियों, जनजातियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को उनके आरक्षण का अधिकार दिलाया है. ये न्याय पीएम मोदी ही कर सकते हैं.
पीएम मोदी के 9 साल में 70 फीसद कम हो गईं आतंकी घटनाएंः शाह
अमित शाह ने कहा कि हाल में श्रीनगर में जी 20 का सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया. इस सम्मेलन के दौरान कई देशों के नेता कश्मीर के अच्छे टूरिज्म का संदेश लेकर गए और समग्र विश्व में कश्मीर में सुधरे हुए हालात का संदेश पहुंचा है. पिछली सरकार के समय 10 साल में 7327 आतंकी घटनाएं हुईं और 2056 नागरिक मारे गए. वहीं पिछले 9 साल में करीब 70 प्रतिशत की कमी के साथ 2350 आतंकी घटनाएं हुई और 377 नागरिक मारे गए.
अनुच्छेद 370 के कारण कश्मीर का विकास रुका
उन्होंने कहा कि सालों तक जम्मू-कश्मीर में तीन परिवारों का राज रहा. यहां अनुच्छेद 370 के कारण विकास नहीं हो पाया. 42 हजार लोग आतंकवाद की भेंट चढ़ गए, लेकिन फिर भी ये लोग कहते हैं कि हमें अनुच्छेद 370 को संभाल कर रखना चाहिए. मोदी सरकार ने आर्थिक विकास के लिए विभिन्न इंडस्ट्रियल पॉलिसी, फिल्म के लिए नई पॉलिसी, टूरिज्म के लिए होम स्टे और हाउस बोट पॉलिसी बनाई जिसके परिणामस्वरुप जम्मू-कश्मीर में निवेश बढ़ रहा है. पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है.
भारत-अमेरिका में कई समझौते
पीएम मोदी के अमेरिका दौरे पर शाह ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिक्ष, डिफेंस, सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में एग्रीमेंट हो रहे हैं. ढेर सारी बड़ी कंपनियां भारत में इन्वेस्टमेंट करने के लिए लालायित हैं.
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
अमित शाह ने यहां पहुंचकर त्रिकुट नगर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, हौसले और संकल्प के कारण ही जम्मू-कश्मीर भारत के साथ जुड़ा हुआ है और अनुच्छेद 370 निरस्त हुआ है. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डॉ. पंडित प्रेम नाथ डोगरा दोनों ने जम्मू-कश्मीर को भारत माता का मुकुट मणि बनाने के लिए जो योगदान दिया है, इसके लिए न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि पूरा देश इन दोनों का ऋणी रहेगा.
.
Tags: Amit shah, Jammu kashmir news, Narendra modi
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 18:00 IST






