
तिरुपति: तिरुमाला मंदिर में तेंदुए के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई है. एक तेंदुए ने तिरुमाला के फुटपाथ पर 5 साल के बच्चे पर हमला कर दिया. जिससे आसपास के स्थानीय लोगों और भक्तों में डर का माहौल बन गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, तेंदुआ बच्चे की गर्दन पकड़कर उसे जंगल की ओर ले जा रहा था. लोगों ने तेंदुए पर पथराव किया, जिसके बाद उसने लड़के को घायल अवस्था में छोड़ दिया.
पुलिस के अनुसार, बच्चा अपने दादा के साथ जा रहा था तभी तेंदुआ उस पर झपटा और उसकी गर्दन पकड़कर उसे दूर ले गया. यह घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे जंगल के बीच में घाट रोड के फुटपाथ पर तिरुपति शहर और श्री वेंकटेश्वर मंदिर के बीच अंजनेय स्वामी की मूर्ति के पास हुई. उस समय लड़का अपने परिवार के साथ पैदल जा रहा था. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के मुख्य सतर्कता अधिकारी ने कहा, ‘लड़के पर हमला हुआ था लेकिन तेंदुए ने 15 मिनट बाद उसे छोड़ दिया था. वह बुरी तरह घायल है लेकिन खतरे से बाहर है. उसे पद्मावती बाल चिकित्सा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी देखभाल कर रहे हैं.’
तिरुपति मंदिर के पास भड़की आग से भगदड़, श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला, कई वाहन जले, घंटों जाम
श्री वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसवीआईएमएस) के न्यूरोसर्जन और न्यूरोलॉजिस्ट सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने लड़के का इलाज किया. रेड्डी ने कहा कि डॉक्टरों ने कहा है कि लड़का खतरे से बाहर है क्योंकि उसकी नसों या रीढ़ की हड्डी पर कोई चोट नहीं पाई गई है और लेकिन उसकी गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं.
.
Tags: Andhra Pradesh, Leopard attack, Tirupati
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 16:18 IST






