पीएम मोदी के लिए व्‍हाइट हाउस में स्‍टेट डिनर: मुकेश अंबानी समेत बिजनेस और टेक जगत के ये दिग्‍गज हुए शामिल


वॉशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में गुरुवार को आयोजित राजकीय रात्रिभोज में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी, गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई और एप्पल के सीईओ टिम कुक समेत उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियों और अरबपति उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया था. व्हाइट हाउस परिसर में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन की मेजबानी में आयोजित इस भोज के लिए 400 से अधिक मेहमानों को आमंत्रित किया गया था.

इस भोज का मेन्यू प्रधानमंत्री मोदी की भोजन संबंधी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था, जिसमें मैरिनेट किया हुआ बाजरा, मकई की सलाद, भरवां मशरूम और इलायची वाले स्ट्रॉबेरी शॉर्टकेक जैसे व्यंजन शामिल थे.

पीएम मोदी ने राजकीय भोज के दौरान हिंदी में संबोधन दिया
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान अपने संबोधन में भारत और अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाने के लिए भारतीय-अमेरिकी समुदाय की सराहना की. उन्होंने कहा कि भारतीय-अमेरिकियों ने भारत और अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने और उस देश के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाई है, जिसमें वे रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि यहां मौजूद ये मेहमान ‘‘भारत-अमेरिका के संबंधों- हमारी ऊर्जा, हमारी गतिशीलता और हमारी संभावना का प्रतीक हैं.’’ प्रधानमंत्री मोदी ने राजकीय रात्रिभोज में अपने ‘‘बेहतरीन’’ मेजबानों की सफलता एवं खुशी की कामना की. उन्होंने राष्ट्रपति बाइडन से कहा, ‘‘आपने आज रात असाधारण प्रतिभाशाली और उल्लेखनीय लोगों को आमंत्रित किया है.’’ पीएम मोदी ने राजकीय भोज के दौरान हिंदी में संबोधन दिया, जिसका अंग्रेजी में अनुवाद कराया गया.

अब भी कायम है PM मोदी का जलवा! फिर बने दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता, बाइडन-सुनक हैं काफी पीछे, देखें रेटिंग्स

ये हस्तियां रहीं रात्रिभोज में शामिल
मुकेश अंबानी, सुंदर पिचाई और टिम कुक के अलावा उद्योगपति आनंद महिंद्रा, कॉरपोरेट दिग्गज इंदिरा नूई, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला और एडोब के सीईओ शांतनु नारायण भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए. इस रात्रिभोज के लिए आमंत्रित अतिथियों की सूची में मानवाधिकार कार्यकर्ता मार्टिन लूथर किंग तृतीय, टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी बिली जीन किंग, फिल्मकार एम नाइट श्यामलन, फैशन डिजाइनर राल्फ लॉरेन, ग्रैमी पुरस्कार विजेता जोशुआ बेल और उद्यमी फ्रैंक इस्लाम भी शामिल थे.

सूची में भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल, श्री थानेदार, रो खन्ना, अमी बेरा और राजा कृष्णमूर्ति भी शामिल थे. रात्रिभोज में बाइडन परिवार के सदस्यों में से हंटर बाइडन, एशले बाइडन, जेम्स बाइडन और नाओमी बाइडन शामिल हुए. अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी इस दौरान उपस्थित थीं. वह प्रधानमंत्री मोदी के लिए दोपहर के भोज की मेजबानी करेंगी.

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी अमेरिकी राजनयिकों और बाइडन प्रशासन के सदस्यों के साथ रात्रिभोज में शामिल हुए.

Tags: Anand mahindra, Apple CEO Tim Cook, Mukesh ambani, Narendra modi, Sundarban, USA

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More