
हाइलाइट्स
भारत ने आज ही के दिन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था
धोनी 3 अलग-अलग आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान बने थे
नई दिल्ली. टीम इंडिया ने आज ही के दिन यानी 2013 में यानी 23 जून को इंग्लैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी. तब महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे. बारिश से बाधित फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हराया था. चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के साथ ही धोनी के नाम एक खास रिकॉर्ड हो गया था. वो आईसीसी की 3 अलग-अलग ट्रॉफी जीतने वाले पहले कप्तान बने थे. चैंपियंस ट्रॉफी से पहले उन्होंने 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और उससे 4 साल पहले 2007 में दक्षिण अफ्रीका में भारत को पहला टी20 विश्व कप जिताया था.
इसके बाद 10 साल हो गए हैं और भारत कोई आईसीसी खिताब नहीं जीत पाया. भारत 2017 में भी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा था. तब पाकिस्तान ने उसे हरा दिया था और हाल ही में रोहित शर्मा की कप्तानी में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी खेला. लेकिन, ऑस्ट्रेलिया ने खिताब जीतने के अरमानों पर पानी फेर दिया. इससे पहले, विराट कोहली की कप्तानी में भी भारत 2021 में WTC का फाइनल हारा था. इन 10 सालों में भारत 4 बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा और चारों बार नाकामी हाथ आई.
अब भारत के पास अपने घर में आईसीसी ट्रॉफी के इस सूखे को खत्म करने का मौका है. अक्टूबर-नवंबर में भारत में विश्व कप होने जा रहा है और घर में टूर्नामेंट होने के कारण टीम इंडिया के जीतने की उम्मीद मजबूत है.
धोनी ने की थी कमाल की कप्तानी
जहां तक 2013 के चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल की बात है तो वो मुकाबला महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी के लिए याद किया जाता है. बारिश से बाधित मैच में धोनी ने कमाल की कप्तानी की थी. उन्होंने ईशांत शर्मा और आर अश्विन पर बड़ा दांव खेला था. ईशांत से उन्होंने पारी का 18वां ओवर करवाया था जबकि इससे पहले वो काफी महंगे साबित हुए थे. वहीं, धोनी ने अश्विन को आखिरी ओवर में गेंद थमाई थी. उनका ये दांव काम कर गया था और भारत 5 रन से फाइनल जीता था.’
VIDEO: 6,6,6,6,6…विराट कोहली के साथी ने किया रिंकू सिंह वाला काम, ठोके 5 छक्के; फिर भी टीम हारी
भारत ने इंग्लैंड को 5 रन से हराया था
बारिश के कारण चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल 20-20 ओवर का हुआ था. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए थे. विराट कोहली ने 43, रवींद्र जडेजा ने 33 रन ठोके थे. 130 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने भी 50 रन के भीतर 4 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद ऑयन मॉर्गन और रवि बोपारा ने इंग्लैंड की पारी को संभाला और 5वें विकेट के लिए 64 रन जोड़े थे.
ऐसा लगा कि इंग्लैंड जीत जाएगा. लेकिन, 18वें ओवर में ईशांत शर्मा ने लगातार 2 गेंद पर मॉर्गन, बोपारा को आउट कर भारत की मैच में वापसी कराई थी. इसके बाद जडेजा ने जोस बटलर को आउट कर दिया था. आखिरी ओवर में इंग्लैंड को 15 रन की दरकार थी और आर अश्विन ने 9 रन ही दिए. इस तरह भारत 5 रन से मैच और खिताब दोनों जीत गया.
.
Tags: Champions Trophy, India Vs England, Ms dhoni, On This Day
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 10:11 IST






