
जयपुर. चुनावी साल में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की आधी आबादी यानी महिलाओं को बड़ा तोहफा देने की घोषणा की है. राजस्थान रोडवेज की सभी बसों में महिलाओं का किराया आधा कर दिया गया है. एक अन्य फैसले के तहत गहलोत सरकार ने आशा वर्कर के मानदेय में 15 फीसद तक की वृद्धि करने की घोषणा की है. प्रदेश सरकार के इन दोनों फैसलों से बड़ी तादाद में महिलाओं को फायदा मिलेगा. बता दें कि राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में पक्ष और विपक्ष समेत अन्य दलों की निगाहें महिला मतदाताओं पर भी टिकी हैं. वैसे राजस्थान रोडवेज में महिलाओं के लिए किराया आधा करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. वहीं, आशा वर्कर भी मानदेय में वृद्धि की मांग कर रही थीं.
सबसे पहले बात करते हैं आशा वर्कर की. आशा कार्यकर्ता लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही थीं, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा था. अब सरकार ने आश कार्यकर्ताओं की मांगों को स्वीकार करते हुए उन्हे हर महीने मिलने वाले मानदेय में 15 फीसद तक की वृद्धि करने की घोषणा की है. अब आशा वर्कर को हर महीने 4,098 रुपये मानदेय के तौर पर मिलेंगे. प्रदेश सरकार के इस फैसले से राजस्थान में कार्यरत 55,816 आशा सहयोगिनियों को फायदा मिलेगा. दूसरी तरफ, इस फैसले से राज्य सरकार के खजाने पर 35.76 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ बढ़ेगा.
.
Tags: Chief Minister Ashok Gehlot, Rajasthan news, Rajasthan Roadways
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 08:03 IST






