
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को वाइटहाउस में भव्य स्वागत हुआ। राजकीय सम्मान के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने पीएम मोदी का स्वागत किया. यह आयोजन इसलिए भी खास रहा क्योंकि पहली बार अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों को भी दोनों की मुलाकात के दौरान वाइट हाउस में प्रवेश करने अवसर दिया गया। पीएम मोदी ने इसके लिए बाइडेन का आभार भी व्यक्ति किया।
इस दौरान जो बाइडेन ने कहा, ‘अमेरिका और भारत के बीच संबंध 21वीं सदी में सबसे निर्णायक रिश्तों में से एक है. पीएम नरेंद्र मोदी की वाइट हाउस में वापसी हुई है. यह मेरा सौभाग्य है कि मैं पहला व्यक्ति हूं जो इस राजकीय यात्रा के दौरान आपका स्वागत कर रहा हूं. आपके सहयोग से QUAD (भारत, अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया द्वारा मिलकर बना संगठन) मजबूत हुआ है. हमनें QUAD को हिन्द-प्रशांत क्षेत्र को खुला, मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए मजबूत किया है.’
रूस पर भी बोले बाइडेन
जो बाइडेन ने आगे कहा, ‘दशकों बाद लोग पीछे मुड़कर देखेंगे और कहेंगे कि क्वाड ने वैश्विक भलाई के लिए इतिहास की दिशा को मोड़ दिया. भारत और अमेरिका गरीबी को मिटाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं. हम स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने, जलवायु परिवर्तन को संबोधित करने और यूक्रेन के खिलाफ रूसी युद्ध के कारण उत्पन्न हुई खाद्य और ऊर्जा असुरक्षा से निपटने पर मिलकर काम कर रहे हैं.‘
वाइट हाउस में क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारतीय समुदाय के लोग अपनी मेहनत और लगन से अमेरिका में भारत का मान बढ़ा रहे हैं. आप हमारे रिश्ते की असली ताकत हैं. मैं यह सम्मान देने के लिए राष्ट्रपति बाइडेन और डॉ. जिल बाइडेन को धन्यवाद देता हूं. अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन और मैं अभी थोड़ी देर में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. मुझे यकीन है कि हमारी बातचीत सकारात्मक होगी.’
‘पहली बार भारतीयों के लिए खुले वाइट हाउस के दरवाजे’
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘पहली बार अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों के लिए वाइट हाउस के द्वार खोले गए हैं. आप सभी लोग भारत की असली ताकत हो. दोनों देश लोकतंत्रिक मूल्यों पर आधिरित हैं. कोविड के बाद के समय में भारत और अमेरिका की मित्रता दुनिया के लिए काफी अहम साबित होगी. मैं और बाइडेन कुछ देर में भारत और अमेरिका के रिश्तों और कई अन्य विषयों पर बात करेंगे. इस सम्मान के लिए मैं बाइडेन का अभारी हूं. नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैं यह कामना करता हूं कि भारत का तिरंगा और अमेरिका का झंडा नई ऊंचाइयां छुएं. मैं 140 करोड़ भारतीय की तरफ से आपका धन्यवाद करता हूं.’
.
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 20:44 IST






