
उधव कृष्ण/ पटना. बिहार की राजधानी पटना समेत सभी जिलों में आगामी 23 और 24 जून तक बारिश होने का पूर्वानुमान है. यही नहीं, गुरुवार (22 जून) को भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि अररिया और सुपौल में आज भारी बारिश के साथ वज्रपात एवं तेज हवा चल सकती है. बता दें कि बुधवार को पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई थी. जबकि सबसे अधिक बारिश शिवहर में दर्ज की गई थी. यही नहीं, पटना समेत प्रदेश के तमाम जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर अब जैसे धीरे-धीरे कम होने लगा है. आईएमडी पटना की मानें तो अगले 24 घंटे में सूबे के 19 जिलों में बिजली कड़कने के साथ मेघ गर्जन होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री, नवादा 39.7 डिग्री, शेखपुरा 38.6 डिग्री, नालंदा 38.3 डिग्री, भोजपुर और रोहतास 39.8 डिग्री, बेगूसराय 36.2 डिग्री, वैशाली 36.9 डिग्री, भागलपुर 37.8 डिग्री, कटिहार 35 डिग्री और किशनगंज का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं, प्रदेश के किसी भी जिले में आज भीषण गर्मी की चेतावनी नहीं जारी की गई है. इसके साथ ही सूबे के लगभग सभी जिलों का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की उम्मीद है. बता दें कि बिहार के कई जिलों के तापमान में पिछले दो दिनों से गिरावट दर्ज की जा रही है. बुधवार को राज्य के सिर्फ 3 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है.
आज यहां रहेगा लू का रहेगा प्रभाव
मौसम विभाग ने बिहार के पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं गया, नवादा और जमुई में आज भी लू चल सकती है. इसके अलावा 24 जून तक 40-50 किमी प्रतिघंटे से हवा चलने की संभावना जताई गई है.
छाए रहेंगे बादल, हो सकती है हल्की बारिश
आईएमडी पटना के मुताबिक, उत्तर बिहार में मानसून के कारण बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं. अगले 24 घंटों के दौरान पटना और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. जबकि 19 जिलों में मेघ गर्जन और बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा जमुई, बांका और लखीसराय में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. जबकि राज्य के सभी जिलों में हल्की या मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है. मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी और लोगों को उमस भरी तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
.
Tags: Bihar weather, Weather Alert, Weather forecast, Weather Udpate
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 12:03 IST






