
हाइलाइट्स
शरद पवार ने हाल ही में संगठन बदलाव कर सुप्रिया सुले को दी थी बड़ी जिम्मेदारी
अजित पर बोली सुले, एक बहन के रूप में मेरी इच्छा है कि भाई की सभी इच्छाएं पूरी हों
BJP में बार-बार जाने की उड़ती खबरों से पार्टी में विश्वसनीयता पर खड़े हुए सवाल
मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में संगठनात्मक बदलाव के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मची हुई है. एनसीपी चीफ शरद पवार ने सुप्रिया सुले (Supriya Sule) को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए संगठन की कमान सौंप डाली है. इतना ही नहीं राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल (Praful Patel) को भी सुप्रिया सुले के साथ एनसीपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था. पार्टी के मुखिया शरद पवार (Sharad Pawar) ने भतीजे अजित पवार (Ajit Pawar) को साइडलाइन करते हुए एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया था. जबकि अजित समर्थक उनको शरद पवार का उत्तराधिकारी मानते थे, लेकिन बाजी पलट गई. अब सुप्रिया सुले ने भाई अजित पवार को लेकर बड़ा बयान दिया है और कहा है कि दादा को संगठन में पद देना या नहीं देना, पार्टी का निर्णय होगा.
सुप्रिया सुले ने अजीत पवार पर बयान देते हुए यह भी कहा कि अजीत को पद देना पार्टी का निर्णय होगा. मेरी इच्छा है कि अजीत दादा की इच्छा पूरी हो. लेकिन दादा को संगठन में मौका देना है या नहीं, यह संगठनात्मक निर्णय है.
ये भी पढ़ें- अजित पवार ने NCP अध्यक्ष पद पर गड़ाई नजर, अब और नहीं रहना चाहते विधानसभा में नेता विपक्ष
उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि दादा भी संगठन में काम करना चाहते हैं. इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है. इससे पहले जयंत पाटिल, छगन भुजबल और अन्य नेताओं ने संगठन को इस पद से मजबूत किया है. एक बहन के रूप में मेरी इच्छा है कि मेरे भाई की सभी इच्छाएं पूरी हों.
इस बीच देखा जाए तो शरद पवार के संगठन बदलाव के फैसले से स्पष्ट हो गया था कि उनका सियासी उत्तराधिकारी कोई और नहीं बल्कि बेटी सुप्रिया सुले ही हैं. इसके बाद अब पार्टी में अजित पवार को सुप्रिया सुले को ही रिपोर्ट करना होगा. हालांकि संगठन बदलाव से अजित पवार को साइड करने के मामले पर शरद पवार ने कहा था कि उनके पास पहले से ही जिम्मेदारी है. वह महाराष्ट्र में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं. हालांकि पिछले कुछ दिनों से अजित पवार पार्टी लाइन से अलग बयान भी देते आ रहे थे. उनके बीजेपी में बार-बार जाने की उड़ती खबरों के चलते पार्टी में उनकी विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होते आ रहे हैं.
.
Tags: Ajit Pawar, Maharashtra Politics, NCP, Sharad pawar, Supriya sule
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 12:27 IST






