
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) जैसे-जैसे पांव पसार रहा है, गजब-गजब की कहानियां सामने आ रही हैं. कोई इसकी मदद से चंद महीनों में लखपति हो गया तो कोई अपने सारे प्रोजेक्ट इसी से पूरे करवा रहा है. इसके साथ तमाम तरह की आशंकाएं भी हैं. कुछ लोग कह रहे कि यह नौकरियां खा जाएगा और लोग बेरोजगार हो जाएंगे. इन सबके बीच एक खबर ने और हलचल मचा दी है. इसी AI की वजह से कई लोगों की किस्मत चमक गई है. एक शख्स की तो इतनी कमाई हुई कि वह दुनिया के चौथे सबसे रईस आदमी बन गए है. आइए समझते हैं कि आखिर माजरा क्या है.
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी डिमांड इतनी ज्यादा है कि AI के कारोबार से जुड़ी कंपनियों के शेयर आसमान छूने लगे हैं. यही वजह है कि सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. इसका सबसे ज्यादा फायदा ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन (Larry Ellison) को मिला. आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस कारोबार में तेजी से पैठ जमा रहे लैरी एलिसन पहली बार दुनिया के अमीरों की लिस्ट में बिल गेट्स (Bill Gates) से आगे निकल गए. उनकी नेटवर्थ 5.92 अरब डॉलर बढ़कर 135 अरब डॉलर तक पहुंच गई. जबकि गेट्स अभी 131 अरब डॉलर के साथ 5वें नंबर पर हैं.
रॉकेट की रफ्तार से बढ़ी कमाई
ओरेकल ने हाल ही में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में धमाल मचा रही OpenAI की प्रतिद्वंद्वी Cohere में खूब सारा निवेश किया है. इसकी वजह से एलिसन की नेटवर्थ रॉकेट की स्पीड से बढ़ी है. आपको बता दें कि इस साल ओरेकल के शेयरों में 42 फीसदी तक की तेजी आई है. पिछले साल कंपनी ने 50 अरब डॉलर से ज्यादा का रेवेन्यू जेनरेट किया था. और यह सिर्फ एआई की वजह से ही हुआ बताया जा रहा है.
मात्र तीन महीने में लखपति बन गया
कुछ दिनों पहले एक खबर आई थी कि एक शख्स आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस चैटबॉट ChatGpt की ट्रेनिंग देकर मात्र तीन महीने में लखपति बन गया. आप जानकर और भी हैरान होंगे कि उसने कहीं और से खुद ट्रेनिंग नहीं ली. करते-करते ही सीख गया और अब उससे सीखने वालों की लाइन लगी हुई है.
.
Tags: Bizarre news, OMG News, Trending news, Viral news, Weird news
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 16:33 IST






