
नई दिल्ली. नेपाल में हिंदी फिल्मों को खूब पसंद किया जाता रहा है, लेकिन इन सबके बावजूद भारत और नेपाल के साझा प्रयत्नों से बनी फिल्मों की संख्या अधिक नहीं है. ऐसे में हिंदी-नेपाली भाषा में बनी ‘परस्त्री (Parastree)’ दोनों ही देशों के लोगों का मनोरंजन करने के संयुक्त प्रयासों के साथ-साथ दोनों मुल्कों के बीच साझा तौर पर निर्मित फिल्मों की परंपरा को आगे बढ़ाने हुए दोनों देशों के रिश्तों को पहले से और भी प्रगाढ़ बनाने की सकारात्मक कोशिशों का नतीजा है.
यूं तो ‘परस्त्री’ एक इरोटिक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, मगर इसमें स्त्री-पुरुष के आपसी रिश्तों की जटिलताओं को रेखांकित करते हुए ऐसे अपराध की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की गई है, जिसे देखकर दर्शक हैरत में पड़ जाएंगे. विवाहेतर संबंधों की पृष्ठभूमि पर और एक अनूठे विषय पर बनी फिल्म ‘परस्त्री’ हिंदी और नेपाली दोनों ही भाषाओं में 30 जून, 2023 को रिलीज की जाएगी.
‘परस्त्री’ में भारत और नेपाल दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को अहम भूमिकाओं में कास्ट किया गया है. फिल्म में शिल्पा मास्के, कोशिश छेत्री और गौरव बिष्ट महत्वपूर्ण किरदार निभाते दिखाई देंगे. डीएस डिजिटल और नेन्दी क्रिएशन के तहत ‘परस्त्री’ का निर्माण किया गया है. फिल्म की निर्माता हैं शर्मीला पांडे और फिल्म के सह-निर्माता पुष्पराज टी. न्यौपाने हैं. फिल्म को दीपेंद्र के. खनाल ने बड़ी ही शिद्दत के साथ लिखा है तो बड़े ही सशक्त ढंग से फिल्म का निर्देशन सूरज पाण्डे ने किया है.
फिल्म के गीतों को संगीतबद्ध किया है केके ब्रदर्स ने जबकि फिल्म के विभिन्न गानों को कुणाल गांजावाला, अमित मिश्रा और सोनल प्रधान ने अपनी-अपनी मधुर आवाजों से और भी कर्णप्रिय बना दिया है. फिल्म के संगीत को B4U म्यूजिक द्वारा जारी किया गया है.
बता दें कि 30 जून, 2023 को रिलीज होने जा रही फिल्म की पूरी शूटिंग नेपाल के खूबसूरत लोकेशन्स पर की गई है. इस फिल्म को जितने भव्य पैमाने पर फिल्माया गया है, उसे उतने ही बड़े स्तर पर दुनिया भर में रिलीज करने की भी तैयारी हो रही है. मेकर्स का कहना है कि वो दुनिया भर में इस फिल्म को 500 से ज्यादा सिनेमाघरों में रिलीज करेंगे, वहीं भारत में इसे लगभग 350 थिएटर में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है.
.
Tags: Bollywood film
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 23:28 IST






