
धर्मबीर शर्मा/गुरुग्राम: गुरुग्राम, हरियाणा का एकमात्र शहर जो न सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान रखता है, जहां विकास सरपट दौड़ता है. एक से बढ़कर एक MNC,आसमान छूती इमारतें, प्रदेश के इस आधुनिक शहर की पहचान सिर्फ इतने भर से ही नहीं है.
साइबर सिटी के नाम से मशहूर गुरुग्राम की एक और पहचान है, जो चकाचौंध वाले इस शहर के माथे पर धब्बा है. हल्की सी बारिश इस शहर को समंदर जैसा बना देती है. देखते ही देखते ये शहर ‘जाम’ नगर बन जाता है. करोड़ों खर्च करने के बाद भी जमीनी हकीकत नहीं बदली.अधिकारियों की मैराथन बैठकों का नतीजा भी शून्य रहा.
फिर ‘सागर’ बनी साइबर सिटी
बुधवार सुबह गुरुग्राम में बादल बरसे. कुछ ही देर की बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गईं. हर तरफ बस पानी ही पानी. सड़कों पर कई-कई फीट पानी भर गया. जल निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने के कारण शहर की सड़कें डूब गईं. इन पर वाहन चलते नहीं, तैरते नजर आए. लोग घंटों जाम में फंसे रहे. जयपुर-दिल्ली हाईवे की सर्विस रोड के साथ-साथ हाईवे पर भी लंबा जाम लग गया.
फिर खुली प्रशासन की पोल
दोपहिया वाहन तो छोड़ दीजिए कारें, बसें तक पानी में डूब गईं. हर बारिश के बाद इस शहर का सूरत-ए-हाल ऐसा ही होता है. यहां के लोगों को ‘महा जाम’ से निजात नहीं मिल पा रही. हालांकि, हर बार मानसून से पहले सरकार, प्रशासन पानी निकासी के लाखों दावे करते हैं, लेकिन एक हल्की बारिश ही इन दावों की पोल खोल कर रख देती है. अब न जाने कब जाकर इस शहर को जाम से निजात मिलेगी.
.
Tags: Gurugram news, Haryana weather, Heavy rain, Local18, Traffic Jam
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 20:42 IST






