
कुल्लू. हिमाचल प्रदेश के पार्वती वैली में इंसानों के लापता होने के मामले बढ़ते जा रहे हैं. ताजा मामले में 22 साल का एक मुंबई का टूरिस्ट गुमशुदा है. गुमशुदगी के 22 दिन बाद भी युवक का पता नहीं चला है. जबकि हेलीकॉप्टर, रेस्क्यू टीम, और स्थानीय लोगों की मदद से भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया है. लेकिन लापता युवक अक्षय सेठी का कुछ पता नहीं चला है. फिलहाल, कुल्लू पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश कर रही है. लेकिन युवक की गुमशुदगी के बाद अब पार्वती वैली में लोगों के गायब होने पर सवाल उठ रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, 22 साल का अक्षय सेठी अकेले कसोल और मणिकर्ण घूमने आया था. 28 मई को वह लापता हो गया था. बताया जा रहा है कि अक्षय मणिकर्ण घाटी के ग्राहन गांव में पहुंचा था और वहां पर उसने एक रात बिताई थी. लेकिन जिस जगह वह ठहरा था, उसके संचालकों को बिना बताए, सुबह-सुबह निकल गया था. तब से अक्षय लापता है. उसकी लास्ट लोकेशन पुल्गा के पास मिली थी.
बताया जा रहा है कि अक्षय का बैग अधा जला हुआ मिला है. पुलिस ने आसपास के सभी होटल और होम स्टे संचालकों से भी पूछताल की है. लेकिन कुछ पता नहीं चला है. साथ ही कुल्लू पुलिस, चॉपर और एसडीआएफ की टीमें भी युवक को ढूंढने में लगी हुई थी, लेकिन गुमशुदगी के 22 दिन बाद भी युवक का कुछ पता नहीं लगा है. अक्षय के पिता कसोल की घाटियों की खाक छान रहे हैं. लेकिन बेटे के बारे में कुछ भी जानकारी ना मिलने से हताश और निराश हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर बेटे की गुमशुदगी के बारे में जानकारी देने के लिए अपना फोन नंबर भी शेयर किया है. कुल्लू की एसपी साक्षी वर्मा का कहना है कि पुलिस ने हेलीकॉप्टर की मदद से भी युवक की तलाश की है. लेकिन अब तक कुछ पता नहीं चला है. स्थानीय लोगों से भी मदद ली गई है.
रेव पार्टी, नशा और गुमशुदगी
हिमाचल के कसोल को मिनी इजयरायल भी कहा जाता है. यहां पर बड़ी संख्य में सैलानी आते हैं. साथ ही कसोल रैव पार्टी और चरस के लिए काफी फेमस है. नशा की वजह से भी यह इलाका बदनाम है. यहां कई बार पार्वती नदी में युवाओं के बहने की खबरें सामने आती रहती हैं. बीते 10 साल में यहां से 27 लोग गुम हुए हैं. जिनका कुछ पता नहीं चला है. इनमें छह विदेशी टूरिस्ट भी शामिल हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 11:59 IST






