डेब्‍यू टेस्‍ट में 16 विकेट लेकर मचाया था तहलका, स्पिनर नरेंद्र हिरवानी के नाम पर है एक और दमदार रिकॉर्ड


नई दिल्‍ली. नरेंद्र हिरवानी (Narendra Hirwani) ऐसे दुर्भाग्‍यशाली क्रिकेटर रहे,जिनका करियर स्पिन गेंदबाजी की कला में महारत हासिल होने के बावजूद बहुत लंबा नहीं चल सका. 1988 में वेस्‍टइंडीज के खिलाफ चेन्‍नई में डेब्‍यू करने वाले हिरवानी ने पहले टेस्‍ट की दोनों पारियों में 8-8 विकेट विकेट लिए थे. टेस्‍ट डेब्‍यू में 136 रन देकर 16 विकेट लेने का ‘हीरू’ का यह रिकॉर्ड 34 साल बाद भी नहीं टूट सका है और लगता नहीं कि भविष्‍य में कभी टूट पाएगा. जनवरी 1988 में खेले गए इस टेस्‍ट में दाएं हाथ के रिस्‍ट स्पिनर हिरवानी ने पहली पारी में 18.3 ओवर्स में 61 रन देकर 8 और दूसरी पारी में 15.2 ओवर्स में 75 रन देकर 8 विकेट लिए थे. उनकी इस करिश्‍माई गेंदबाजी की बदौलत भारत ने यह टेस्‍ट मैच चौथे दिन ही 255 रन के बड़े अंतर से जीता था.

बता दें, हिरवानी ने जिस वेस्‍टइंडीज टीम के खिलाफ दोनों पारियों में 8-8 विकेट लेने का करिश्‍मा किया था, वह साधारण नहीं थी. इस टीम में डेसमंड हैंस, फिल सिमंस, रिची रिचर्ड्सन, विव रिचर्ड्स, गस लोगी, कार्ल हूर और जैफ डुजोन जैसे दिग्‍गज शामिल थे.

लगातार वनडे मैचों में लिए हैं 4 विकेट
इस रिकॉर्ड के अलावा एक अन्‍य रिकॉर्ड भी हिरवानी के नाम पर है जिसके बारे में ज्‍यादा लोगों को जानकारी नहीं है. वे भारत और दुनिया के ऐसे पहले बॉलर थे जिन्‍होंने वनडे में लगातार तीन पारियों में चार विकेट लेने के कारनामे को अंजाम दिया. हिरवानी ने वर्ष 1988 में शारजाह में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ 27 मार्च को हुए मैच में 43 रन देकर चार, एक अप्रैल को न्‍यूजीलैंड के खिलाफ ही हुए मैच में 46 रन देकर चार और 16 अक्‍टूबर को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच में 50 रन देकर चार विकेट झटके थे.

क्रिकेट खेलने की चाहत में घर छोड़कर इंदौर आए थे

54 साल के हिरवानी का प्रथम श्रेणी का करियर जबर्दस्‍त रहा है. 18 अक्‍टूबर 1968 को यूपी के गोरखपुर में जन्‍मे हिरवानी की क्रिकेट सीखने की ललक इस कदर थी कि उन्‍होंने घर छोड़कर मध्‍य प्रदेश के इंदौर शहर का रुख कर लिया. बीसीसीआई के सचिव रह चुके संजय जगदाले के मार्गदर्शन में उन्‍होंने स्पिन गेंदबाजी के कौशल को निखारा. छोटी उम्र में हिरवानी का वजन बहुत अधिक था, देश के लिए क्रिकेट खेलने की चाहत में उन्‍होंने कई किलो भर भी कम किया. हिरवानी ने 17 टेस्‍ट में 30.10 के औसत से 66 विकेट हासिल किए जबकि 18 वनडे मैचों में उन्‍होंने 31.26 के औसतसे 23 विकेट लिए.

फर्स्‍ट क्‍लास क्रिकेट में 700 से अधिक विकेट

प्रथम श्रेणी क्रिकेट के 167 मैचों में 732 विकेट हिरवानी के नाम पर दर्ज है. 54 बार उन्‍हांने पारी में 5 और 10 बार पारी में 10 या इससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की. हिरवानी कई वर्षों तक राष्‍ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में स्पिन गेंदबाजी कोच रहे हैं और वहां युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव जैसे स्पिनरों के कौशल को निखारने में उनका अहम रोल रहा है.

Tags: Cricket, Narendra hirwani, Team india

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More