
दिल्ली. बिहार सरकार से समर्थन वापसी के बाद हम (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मांझी और पूर्व सीएम जीतन राम मांझी कल रात दिल्ली पहुंच गए हैं. अपने चार दिन के दिल्ली दौरे में जीतन राम मांझी और संतोष कुमार सुमन को बीजेपी के आला नेताओं से मुलाकात करनी है. सूत्रों के मुताबिक आज से कल तक बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इनकी मुलाकात हो सकती है. महागठबंधन से अलग रास्ता अख्तियार करने और नीतीश सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद से ही मांझी बीजेपी के करीब आ रहे हैं.
माना जा रहा है दिल्ली दौरे में उनकी बीजेपी नेताओं से मुलाकात के बाद गठबंधन और एनडीए में शामिल होने को लेकर फैसले पर अंतिम मुहर लग जाएगी. भले ही इसका ऐलान बाद में हो. सूत्रों के मुताबिक बीजेपी जीतन राम मांझी की पार्टी को अपने साथ रखना चाहती है. लोकसभा चुनाव में बीजेपी चाहती है कि उपेंद्र कुशवाहा चिराग पासवान पशुपति पारस मुकेश सहनी के साथ जीतन राम मांझी भी एनडीए गठबंधन का हिस्सा रहें. बीजेपी की कोशिश है कि मांझी को लोकसभा की एक सीट पर मना लिया जाए.
इसके अलावा कोई और पद भी दिया जाए.हालांकि मांझी की तरफ से जो सूत्र बता रहे हैं, मांझी लोकसभा की कम से कम 2 सीटें अपने खाते में चाह रहे हैं. इसके अलावा खुद मांझी के लिए राज्यसभा की एक सीट या फिर गवर्नर का पद भी आगे चलकर मिल जाए, ये मांझी और उनकी पार्टी के नेता चाहते हैं.
न्यूज़ 18 से बात करते हुए संतोष कुमार सुमन कहते हैं कि गठबंधन थर्ड फ्रंट भी हो सकता है, लेकिन बीजेपी के साथ अपने पुराने रिश्तो की याद दिलाते हुए संतोष कुमार सुमन कहते हैं, बीजेपी के साथ हम लोगों ने काम किया है. हम भी बीजेपी में पहले रहे हैं, इसलिए सहजता तो बीजेपी के साथ और हर जगह हैं. जो कार्यकर्ताओं के लिए और पार्टी के लिए बेहतर होगा, वही हम करेंगे. देखना है बीजेपी नेताओं के साथ मुलाकात के बाद किस फार्मूले पर अंतिम फैसला होता है.
.
Tags: Amit shah bjp, Jeetan Ram Manjhi
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 13:43 IST






