
हरियाणा डेस्क/पंचकुला .अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात के तट से टकराया, तो रफ्तार कुछ धीमी जरूर हुई, लेकिन राजस्थान के बाद हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में भी तूफान पहुंच गया है. चक्रवाती हवाओं का असर दक्षिण और उत्तर हरियाणा में ज्यादा देखने को मिल रहा है. इस बीच 40 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज तूफान आने की संभावना है.
तूफान की आहट से हरियाणा में मौसम विभाग की तरफ से कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया गया है. जिसमें बहादुरगढ़, झज्जर, रोहतक, सांपला, सोनीपत, पानीपत, करनाल जिले शामिल हैं. वहीं, गन्नौर, खरखोदा, बापौली, समालखा, घरौंडा, इसराना, सफीदों और असंध में भी तूफान का काफी असर देखने को मिलेगा.
IMD चंडीगढ़ का मौसम बुलेटिन जारी
बिपरजॉय तूफान को देखते हुए मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र से मौसम बुलेटिन जारी किया गया. जिसके अनुसार उत्तर और दक्षिण हरियाणा के इन शहरों में तेज गति की हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग की माने तो इस दौरान हवा की गति तेज होने के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की आशंका है. वहीं, एक तरफ जहां सड़क मार्ग बाधित हो सकते हैं, वहीं दृश्यता कम होने की वजह से रेलवे और हवाई उड़ानों पर भी इसका असर पड़ सकता है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
हरियाणा में आमतौर पर मौसम 20 जून तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है. इस दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव और अरब सागर में उठे विपरजॉय चक्रवात के आंशिक प्रभाव से आने वाली नमी वाली हवाओं के कारण ज्यादातर क्षेत्रों में तेज़ हवा और गरज चमक के साथ हल्की बारिश आने की संभावना है. तो वहीं,प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज बारिश की भी संभावना बन रही है. इस दौरान राज्य के तापमान में हल्की गिरावट आएगी.
.
Tags: Haryana news, Local18, Panchkula S07a002
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 12:47 IST






