यमुनानगर जेल में सुबह-सुबह पहुंच गए 200 पुलिसकर्मी, चप्पे-चप्पे की ली तलाशी, कैदी भी हैरान


आशीष शर्मा/यमुनानगर: ऑपरेशन प्रहार के बाद अब हरियाणा की यमुनानगर जेल में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया. सुबह 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी जेल परिसर पहुंच गए. जेल प्रशासन के भी 50 से अधिक अधिकारी व जवान इस सर्च ऑपरेशन में शामिल रहे. इस दौरान जेल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई. इसके अलावा विभिन्न गंभीर अपराधियों से बातचीत भी की गई.

जेल अधीक्षक विशाल छिब्बर एवं डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि यमुनानगर की इस जिला जेल में 120 से अधिक कैदी व बंदी हैं. जबकि इनमें लगभग 47 अपराधी जम्मू कश्मीर के हैं. कैदियों की हर गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जाती है. इसी के चलते यहां सरप्राइज चेकिंग की गई. इस स्पेशल ड्राइव का मकसद यह भी है कि जेल में अनुशासन कायम रहे. कोई भी अपराधी किसी गलत गतिविधि में शामिल न हो.

ऑपरेशन प्रहार के दौरान पकड़े अपराधी
आपको बता दें कि हरियाणा पुलिस का ऑपरेशन प्रहार भी कुछ समय पहले ही शुरू हुआ था, जिसके चलते राज्य भर में अलग-अलग जिलों में बदमाशों के ठिकानों पर पुलिस ने छापामारा था. इस अभियान में पुलिस ने कई बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की. साथ ही बदमाशों के पास से अवैध हथियारों के साथ नकदी भी बरामद की.

.

FIRST PUBLISHED : April 19, 2023, 15:16 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More