
नई दिल्ली: अमेरिका में रहने वाली आयशा पिरानी (Aisha Pirani) नाम की महिला ने मशहूर टीवी एक्टर सिजेन खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. महिला ने ‘कसौटी जिंदगी की’ फेम सिजेन खान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे एक्टर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पीड़ित महिला ने दावा किया है कि वे सिजेन खान की पत्नी हैं.
पीड़िता ने एक्टर पर मारपीट और उन्हें घर में बंद करने का आरोप लगाया है. ईटाइम्स से हुई बातचीत में महिला ने कहा, ‘वे मुझे घर पर मेरे कमरे में बंद करके स्काइप पर दूसरी लड़कियों के साथ फ्लर्ट करते हैं. वे मुझसे कहते है कि मैंने तुमसे शादी की, अपनी जिंदगी तुम्हें सौंपी है. यह उनके डायलॉग होते हैं. वे बहुत गलत बर्ताव करते हैं. अगर मैं फल लाना भूल जाऊं, तो वे रात को फल खाने की इच्छा जताएंगे. वे ऐसे खराब शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जिसे मैं दोहरा भी नहीं सकती.’
महिला ने खुद को बताया सिजेन खान की पत्नी
महिला ने दावा किया है कि उन्होंने सिजेन खान से साल 2015 में विवाह किया था, मगर उनके कहने पर अपनी शादी छुपाए रखी. महिला का कहना है कि एक्टर ने बाद में उनसे धोखे से डिवोर्स पेपर पर साइन करवा लिए. महिला ने आगे कहा, ‘मैं मुस्लिम महिला हूं और मुस्लिम कानूनों के हिसाब से, मैं अभी भी उनकी पत्नी हूं. मैं उन पैसों की भरपाई चाहती हूं, जो मैंने उन पर खर्च किए. मुझे उनकी वजह से जो मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी है, उसका भी मुआवजा चाहती हूं. मैं शादी करना चाहती हूं और कानूनी तौर पर मुस्लिम लॉ के अनुसार, ‘खुलानामा’ चाहती हूं.’
सिजेन खान ने कई टीवी शोज में किया है काम
45 साल के सिजेन खान ने पिछले साल अपनी गर्लफ्रेंड अफसीन से शादी करने की बात कही थी, जिनके साथ वे करीब 3 साल रिलेशनशिप में रहे थे. बता दें कि सिजेन खान को दर्शकों ने ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘सीता और गीता’ और ‘शक्ति-अस्तित्व के एहसास की’ जैसे शो में देखा है.
.
Tags: TV Actor
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 21:26 IST






