गर्मी की छुट्टियों में भी गूंज रहा क से कबूतर ख से खरगोश, यहां बच्चों को दिया जा रहा फ्री अक्षर ज्ञान


गुलशन कश्यप/जमुई. गर्मी की छुट्टियों में हर अभिभावक की यही परेशानी होती थी कि उनका बच्चा धूप में न खेले. माएं बच्चों को घर में बैठाने के लिए परेशान होती रहती हैं, जीविका ने इस समस्या का एक बेहतरीन हल निकाला है. प्रथम संस्था के साथ मिलकर जिले में समर कैंप का संचालन शुरू किया गया है, जिसमें कक्षा तीन से लेकर कक्षा सात तक के बच्चे प्रतिदिन दो घंटे की मुफ्त पढ़ाई कर अक्षर ज्ञान सीख रहे हैं. इसको लेकर जमुई जिले में कुल 900 वालंटियर्स को लगाया गया है, जो सुबह 7 बजे से लेकर 9 बजे तक बच्चों को पढ़ाते हैं. प्रत्येक बैच में अधिकतम 15 बच्चों को शामिल किया जाता है.

30 जून तक संचालित होगा समर कैंप

जीविका एवं प्रथम संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 30 जून तक गर्मी की छुट्टियों में समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है. इस कैंप के माध्यम से ऐसे बच्चों को चिन्हित किया गया है, जो अक्षर ज्ञान में कमजोर होने के साथ ही पढ़ाई में भी कमजोर हैं. इस कैंप के माध्यम से जीविका वालंटियर खेल-खेल के माध्यम से सिखाने का प्रयास कर रहे हैं. जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि समर कैंप के माध्यम से बच्चे सीख रहे हैं और उनकी प्रतिभा निखर कर सामने आ रही है. अक्षर ज्ञान में कमजोर बच्चों के लिए यह कैंप बहुत लाभकारी साबित हो रहा है.

स्कूल नहीं जाने वाले बच्चे भी हो रहे हैं शामिल

जीविका परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि इस कैंप में वैसे बच्चे भी शामिल हो रहे हैं, जो स्कूल नहीं जाना चाहते हैं. समर कैंप में पढ़ने वाले बच्चों को देखकर वैसे बच्चों के शामिल होने के कारण बच्चों की तादाद बढ़ती जा रही है और अभिभावकों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. उन्होंने बताया कि जीविका संकुल संघ एवं सिकंदरा व बरहट में संचालित जीविका सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र में समर कैंप के लिए चयनित बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. पुस्तकालय में नियुक्त विद्या दीदी इन बच्चों को पढ़ा रही हैं. जीविका के कुछ वालंटियर सरकारी स्कूल, मंदिर परिसर तो कुछ वालंटियर पंचायत भवन में बच्चों को पढ़ा रहे हैं. इसके अलावा बहुत सारे वालंटियर अपने घरों में ही बच्चों को पढ़ा रहे हैं.

Tags: Bihar News, Jamui news, Latest hindi news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More