
हाइलाइट्स
अपार्टमेंट मुंबई के सबसे महंगे इलाके कारामाइकल रोड पर स्थित है.
यहां कई बड़े राजनेता और अमीर बिजनेसमैन रहते हैं.
1 बीएचके का साइज 700 स्क्वेयर फीट है.
नई दिल्ली. भारत में भी किसी अपार्टमेंट का किराया लाखों रुपये महीना होना बड़ी बात नहीं है. महंगे किराए वाले इन घरों का साइज बड़ा होता है और सारी सुख-सुविधाओं से भी ये लैस होते हैं. लेकिन, मुंबई में करीब सौ साल पुराने एक 1 बीएचके अपार्टमेंट का किराया सुनकर आप हैरान हो जाएंगे. इसमें रहने वाला शख्स भारत में 1बीएचके का सबसे ज्यादा किराया चुका रहा है. वो भी कोई 40-50 हजार रुपये महीना नहीं, बल्कि पूरे 1.20 लाख रुपये रेंट दे रहा है.
अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इस फ्लैट में ऐसा क्या है कि इसका किराया ही सवा लाख के करीब है. तो सबसे पहले यह जान लें कि भारत का सबसे महंगे किराये वाला यह अपार्टमेंट मुंबई के सबसे महंगे इलाके कारामाइकल रोड पर स्थित है. यह दक्षिणी मुंबई का वह इलाका है जहां कई बड़े राजनेता और अमीर बिजनेसमैन रहते हैं. दूसरा, यह आम 1 बीएचके अपार्टमेंट्स से साइज में बड़ा है और इसमें लगी चीजें रॉयल अहसास देती हैं.
ये भी पढ़ें- भारत में है एशिया का सबसे अमीर गांव, बिजनेस नहीं इस फल की खेती से हर परिवार बना करोड़पति
100 साल पुराना
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, इस अपार्टमेंट को किराए पर लेने वाले कुश भयानी आर्किटेक्ट और टेक एंटरप्रेन्योर हैं. भयानी नेक्स्ट जेनरेशन प्रॉपर्टी सोशल कॉमर्स प्लेटफॉर्म ओपनहोज के को-फाउंडर है. यह बिल्डिंग करीब 100 साल पुरानी है. इस 1 बीएचके का साइज 700 स्क्वेयर फीट है. यह मुंबई में मिलने वाले आम 1 बीएचके फ्लैट से लगभग दोगुना है. इसकी छत काफी ऊंची है. इतनी ऊंचाई पर मुंबई में अब किसी मकान की छत मिलना मुश्किल ही है.
इस अपार्टमेंट के फर्श पर लगी हैंड पेंटिड टाइलें भी सौ साल पुरानी हैं. इस भवन की दीवारें काफी मोटी हैं. इसमें काफी हरियाली है और सूरज की रोशनी की इसमें कोई कमी नहीं है. इसे इस तरह से बनाया गया है कि इसमें हवा का आवागम खूब होता है और अंदर बैठने पर घुटन महसूस नहीं होती. दीवारें मोटी होने की वजह से कमरा गर्म नहीं होता और पूरे साल ठंडक बनी रहती है.
मुंबई में गोवा वाली फिलिंग
कुश भयानी का कहना है कि यह अपार्टमेंट उनको मुंबई में गोवा वाली फिलिंग देता है. इस अपार्टमेंट का बाथरूम भी खास है और इसे ग्रीक स्टाइल में बनाया गया है. बेडरूम लिविंग रूम से बड़ा है. यह भी इसकी एक खासियत है. आमतौर पर 1 बीएचके अपार्टमेंट ऐसा नहीं होता है.
.
Tags: Business news in hindi, House, List of most expensive, Property, Property market, Rent
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 15:36 IST






