
मुंबई. ओम राउत (Om Raut) ने दर्शकों को आकर्षित करने के लिए खूबसूरत विषय चुना था. प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान जैसे सितारे लेकर कास्टिंग भी खास की लेकिन कहानी पर फोकस नहीं कर पाए. खूब हंगामे के बाद जब फिल्म दर्शकों के सामने आई तो लोगों को समझ ही नहीं आया कि ‘रामायण’ को किस अंदाज में पेश किया गया है. यह कोई धार्मिक कहानी है या एक्शन ड्रामा? खैर, फिल्म के डायलॉग, वीएफएक्स और प्रजेंटेशन को लेकर बहस अभी जारी रहेगी. हम आपको उस फिल्म के बारे में बताते हैं, जो ‘आदिपुरुष’ से 26 साल पहले आई थी और उसमें जितेंद्र ने भगवान राम की भूमिका निभाई थी.
मनोरंजन की दुनिया में रामायण को आधार बनाकर कई फिल्में और टीवी शोज बने हैं. जानकारी के अनुसार, ‘रामायण’ पर अलग अलग भाषाओं में 50 के करीब फिल्में बन चुकी हैं. इनमें हिंदी में 17 फिल्में ‘रामायण’ को आधार मानकर बनी हैं. इन 17 में से 5 फिल्मों को लेकर कोई सही जानकारी नहीं है बाकी बची 11 फिल्मों में से 8 फिल्में हिट साबित हुई थीं. वहीं, 3 फिल्में बड़े पर्दे पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी थीं. ‘आदिपुरुष’ से पहले साल 1997 में फिल्म ‘लवकुश’ रिलीज हुई थी.
जितेंद्र और जया प्रदा बने थे ‘राम सीता’
फिल्म ‘लव कुश’ 25 जुलाई 1997 को रिलीज हुई थी. इस फिल्म का साउथ से एक बड़ा कनेक्शन है. फिल्म को वी. मधुसूदन राव ने निर्देशित किया था, जो तमिल फिल्म इंडस्ट्री के बड़े निर्देशक हैं. तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें ‘विक्ट्री मधुसदून राव’ के नाम से भी पहचाना जाता है. हिंदी की उन्होंने 4 फिल्में निर्देशित की, जिसमें ‘लव कुश’ उनकी आखिरी फिल्म थी. फिल्म में जितेंद्र ने प्रभु राम और जया प्रदा ने सीता मां का किरदार निभाया था. फिल्म में लव कुश के एंगल से कहानी को गढ़ा गया था. टीवी की दुनिया के ‘राम’ यानी अरुण गोविल ने इस फिल्म में ‘लक्ष्मण’ की भूमिका निभाई थी. दारा सिंह ने ‘हनुमान’ और प्राण ने ‘वाल्मिकी’ की भूमिका अदा की थी. फिल्म ने बड़े पर्दे पर औसत व्यवसाय किया था.
बता दें, रामानंद सागर साल 1987 में टीवी सीरीज ‘रामायण’ लेकर आए थे, जिसे खूब पसंद किया गया था. इसमें अरुण गोविल ‘राम’ बने थे और दीपिका चिखलिया ‘मां सीता’ की भूमिका में थीं.
.
Tags: Entertainment Special, Jeetendra, Prabhas, South cinema
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 13:46 IST






