पेट का सवाल है साहब… हाईटेंशन लाइन पर उल्टा लटकर काम करता नजर आया बिजली कर्मचारी, देखें Viral Video


वसीम अहमद/अलीगढ़. यूपी के अलीगढ़ में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में हाई टेंशन लाइन पर एक व्यक्ति उल्टा लटका हुआ है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे जान जोखिम में डालकर वह व्यक्ति तार से पेड़ की टहनियां हटा रहा है. इस वीडियो में हाई टेंशन लाइन पर उल्टा लटका व्यक्ति बिजली विभाग का कर्मचारी बताया जा रहा है.

वहीं, हाई टेंशन लाइन पर उल्टा लटक कर लाइनमैन द्वारा पेड़ की टहनियां हटाने का वीडियो निलेश चौहान नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. वीडियो को पोस्ट करने के साथ ही उन्‍होंने ट्वीट करते हुए सीएम योगी आदित्‍यनाथ के अलावा यूपीपीसीएल के चेयरमैन से शिकायत भी की है. साथ ही लिखा, ‘चंद पैसों के लिए जान जोखिम में डालना ये लाइनमैन के पेट का सवाल है साहब! तार नहीं झाड़ पर भी चढ़ा दो. यह वायरल वीडियो देखकर कहीं आपकी रूह भी कांप तो नहीं गई क्योंकि परिवार को पालना है.’ दरअसल यह वीडियो उस टाइम का बताया जा रहा है जिस समय आंधी चल रही थी.

अधिकारियों ने कही ये बात
इस वीडियो की अलीगढ़ बिजली विभाग के अधिकारी भी कोई पुष्टि नहीं कर पाए. वहीं, बिजली विभाग के आला अधिकारियों से जब इस बारे में बात की गई तो उनका कहना है कि इस वीडियो को देखकर पता नहीं लग रहा कि यह कहां का है. इसलिए हम कुछ नहीं कह सकते. हालांकि लोगों द्वारा इस वीडियो को अलीगढ़ जिले का बताया जा रहा है. ( नोट: न्‍यूज़ 18 भी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता.)

.

FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 10:46 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More