
गुलशन सिंह/बक्सर. जेईई एडवांस-2023 का रिजल्ट जारी हो चुका है. बक्सर के आयुष कुमार सिंह ने 2996 रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. आयुष ने इसके पहले जेईई मेन की कठिन परीक्षा में 99.9276 परसेंटाइल से सफलता हासिल की थी. वहीं एक बार फिर जेईई एडवांस 2023 परीक्षा में 360 में 174 अंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है. आयुष की इस सफलता से पूरे परिवार में हर्ष का माहौल व्याप्त है.
आयुष को जेईई मेन परीक्षा में जहां फिजिक्स विषय में 99.98, केमेस्ट्री में 99.94 और मैथमेटिक्स में 99.64 अंक थे. वहीं जेईई एडवांस परीक्षा में केमेस्ट्री विषय में 67, फिजिक्स विषय में 71 और गणित में 36 अंक प्राप्त हुए. मध्यमवर्गीय परिवार के आयुष कुमार सिंह मूलत: डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र स्थित गायघाट पंचायत के बलुआ गांव निवासी प्रवीण सिंह के पुत्र हैं.
दादा कामेश्वर सिंह की पहचान समाज में प्रतिष्ठित नागरिक के रूप में रही है. सफलता का श्रेय दादा सहित पूरे परिवार को देते हुए आयुष ने बताया कि उनका उत्साहवर्धन और हर कदम पर मिला सहयोग संजीवनी बना और लगातार मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की. बताया कि यह सफलता की पहली सीढ़ी है. अभी आगे बहुत कुछ बाकी है.
आईआईटी रुड़की से बीटेक करना सपना
आयुष की सफलता पर पिता प्रवीण सिंह जो पटना में सचिवालय सहायक के तौर पर कार्यरत हैं, उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि आयुष ने जेईई एडवांस परीक्षा में परचम लहरा कर परिवार के साथ-साथ जिले का नाम रोशन किया है. आयुष की प्रारम्भिक शिक्षा भी राजधानी पटना से ही पूरी हुई है. पटना के खगौल स्थित सेंट करेन सेकेंडरी स्कूल में 97.5 प्रतिशत अंक हासिल कर 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले आयुष ने 12वीं की पढ़ाई पटना के ही होली मिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की है. आयुष ने बताया कि उन्होंने जेईई की तैयारी यूट्यूब से ऑनलाइन क्लास कर की है. आयुष का सपना आगे चलकर आईआईटी रुड़की से कम्प्यूटर साइंस में बीटेक करने का है.
.
Tags: Buxar news, JEE Advance, Jee main, Local18
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 22:44 IST






