
हाइलाइट्स
महिंद्रा ने आर्माडो ALSV की डिलीवरी शुरू कर दी है.
कंपनी ने आर्माडो के लिए 2021 में काॅन्ट्रैक्ट साइन किया था.
महिंद्रा आर्माडो में एक बख्तरबंद काॅम्बैट वाहन है.
नई दिल्ली. न गोली का असर, न बम का, 1000 किलो की लोड कैपेसिटी और 160 की टॉप स्पीड… यह आंकड़े बताते हैं कि भारतीय सेना को मिलने वाली आर्मर्ड व्हीकल कितनी दमदार होगी. हाल ही में महिंद्रा की पूर्ण स्वमित्व वाली डिफेंस इक्विपमेंट निर्माता महिंद्रा डिफेंस सिस्टम्स (MDS) ने भारतीय सेना के लिए अर्माडो (Mahindra Armado) आर्मर्ड लाइट स्पेश्यलिस्ट व्हीकल (ALSV) की डिलीवरी शुरू की है.
महिंद्रा अर्माडो भारत की पहली आर्मर्ड लाइट स्पेश्यलिस्ट व्हीकल है जिसे भारतीय सेना के लिए पूरी तरह भारत में बनाया गया है. महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने इसकी जानकारी एक ट्वीट में दी है. उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, “हमने भारत के पहले आर्मर्ड लाइट स्पेश्यलिस्ट व्हीकल की डिलीवरी शुरू कर दी है. जिसे हमारी सेना के लिए पूरी तरह भारत में ही बनाया गया है. जय हिंदी.”
2021 में महिंद्रा ने साइन की थी डील
बता दें कि रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए भारत सरकार पुरजोर प्रयास कर रही है. इसी को लेकर साल 2021 में भारत सरकार ने एक अहम फैसला लिया था. उस समय रक्षा मंत्रालय ने महिंद्रा डिफेंस से 1,300 लाइट आर्मर्ड वाहन खरीदने का आर्डर दिया था. महिंद्रा डिफेंस ने यह डील 1,056 करोड़ रुपये में साइन की थी. अब इन वाहनों की डिलीवरी शुरू हो गई है.
अर्माडो ALSV में क्या खास है?
अर्माडो ALSV को पूरी तरह युद्ध क्षेत्र में इस्तेमाल के लिए बनाया गया है. भारतीय सेना इस वाहन का उपयोग सीमा और संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और स्पेशल ऑपरेशन के लिए कर सकती है. इसके अलावा ये वाहन लड़ाई के समय सैनिकों को सुरक्षित लाने लेजाने के काम आएगी. अर्माडो की कुछ खास क्षमताओं की बात करें तो इसमें 1,000 kg वजन उठाने की क्षमता के साथ 400kg का अतिरिक्त भार सहने की क्षमता है.
वहीं, गोला बारूद से सुरक्षा के लिए इसमें बी7 लेवल का बैलेस्टिक प्रोटेक्शन और STANAG लेवल-2 प्रोटेक्शन भी दिया गया है. इसका मतलब है कि आर्मर कवच को भेदने वाले राइफल्स भी इसका कुछ नहीं बिगाड़ सकेंगे. इसके अलावा, इसे ग्रेनेड और बम के हमले से बचाने के लिए चारों तरफ से आर्मर्ड प्रोटेक्शन दी गई है.
महिंद्रा अर्माडो में 3.2 लीटर का मल्टी फ्यूल डीजल इंजन लगाया गया है जो 216 hp का पॉवर जनरेट करता है. इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ पॉवर को चारों पहियों में भेजने के लिए 4X4 सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है. यह आर्मर्ड वाहन केवल 12 सेकेंड में 0 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है.
.
Tags: Auto News, Indian army, SUV
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 18:42 IST






