दिल्ली मेट्रो की सिल्वर लाइन पर शुरू हुआ काम, एरोसिटी से तुगलकाबाद की कनेक्टिविटी होगी आसान, बनेगा सबसे लंबा प्लेटफॉर्म

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली. दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के एरोसिटी- तुगलकाबाद सिल्वर लाइन कॉरिडोर पर सबसे लंबा प्लेटफार्म बनेगा, जिसकी लंबाई 289 मीटर होगी. रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी गई.

एरोसिटी- तुगलकाबाद सिल्वर लाइन कॉरिडोर के लिए काम पहले ही शुरू हो चुका है. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के अनुसार, फेज़-4 में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों की सामान्य लंबाई लगभग 225 मीटर है, लेकिन यह नया स्टेशन 289 मीटर की लंबाई के साथ फेज-4 के सभी स्टेशनों में सबसे लंबा होगा.

डीएमआरसी ने बयान में कहा, ‘इसकी व्यापक लंबाई को अनुमानित यात्री यातायात को समायोजित करने के लिए सावधानी से डिजाइन किया गया है, क्योंकि भविष्य में इस स्टेशन पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, सिल्वर लाइन और गुरुग्राम, मानेसर और अलवर को जोड़ने वाले आरआरटीएस कॉरिडोर से कनेक्टिविटी की सुविधा होगी.’

बयान के अनुसार एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, सिल्वर लाइन और आरआरटीएस कॉरिडोर के बीच निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन 23 मीटर की गहराई पर बनेगा. इसमें कहा गया है कि यह स्टेशन एक टर्मिनल स्टेशन होगा, जो फरीदाबाद के एनसीआर शहर से दक्षिण दिल्ली के साथ-साथ पश्चिमी दिल्ली और विशेष रूप से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधा संपर्क प्रदान करेगा.

डीएमआरसी के अनुसार तुगलकाबाद-एरोसिटी कॉरिडोर, शहर के मेट्रो नेटवर्क के लिए एक महत्वपूर्ण विस्तार है, जिसका मकसद महरौली-बदरपुर रोड, छतरपुर एक्सटेंशन और महिपालपुर क्षेत्र में परिवहन की बढ़ती मांगों को पूरा करना है. बयान में कहा गया है, ‘यह यात्रियों के लिए एक जीवन रेखा के रूप में काम करेगा, यात्रा के समय को कम करेगा, और परिवहन का एक विश्वसनीय साधन उपलब्ध करायेगा. स्टेशन दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और नोएडा के निवासियों को तेज गति से हवाई अड्डे तक पहुंचने में मदद करेगा.’

Tags: Delhi Metro, DMRC

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें