
हाइलाइट्स
कार में कई तरह के वार्निंग लाइट होते हैं.
ये लाइट कार की गड़बड़ी की तरफ इशारा करते हैं.
चेक इंजन लाइट को इग्नोर करना बड़ी मुसीबत में डाल सकता है.
Check Engine Light: पहले की पुरानी कारों में किसी गड़बड़ी का पता लगा पाना टेढ़ी खीर साबित होता था, लेकिन आजकल की मॉडर्न कारें काफी एडवांस हो गई हैं. अब कार निर्माता कंपनियां अपनी कारों में कई ऐसे फीचर्स दे रही हैं जिससे पता चल जाता है कि कार के किस हिस्से में क्या समस्या है. नई कारें कई तरह के वार्निंग लाइट्स के साथ आ रही हैं जिनके जलने पर चालक को वार्निंग मिल जाता है कि कार में कुछ समस्या है और उसे ठीक करवाने की जरूरत है.
कई कार मालिक कार के अंदर जल रहे वार्निंग लाइट को गंभीरता से नहीं लेते और उसे समय पर ठीक नहीं करवाते हैं, जिससे उनकी कार बिलकुल भी नहीं चलने की स्थिति में पहुंच जाती है और बड़ी गड़बड़ी होने पर रिपेयरिंग में भारी खर्च करना पड़ता है. कार में एक ऐसा ही सबसे ज्यादा इग्नोर किया जाने वाला सिग्नल है ‘चेक इंजन लाइट’ जिसकी वार्निंग लाइट कार के मीटर में होती है. यहां हम आपको बता रहे हैं कि चेक इंजन लाइट क्यों जलता है और उसे इग्नोर करने से क्या नुकसान हो सकता है…
इस वजह से जलती है चेक इंजन लाइट
चेक इंजन लाइट एक वार्निंग लाइट के रूप में काम करती है. यह लाइट सेंसर से जुड़ी समस्या होने पर ऑन हो जाती है. अगर किसी भी सेंसर की वायर टूट जाती है या सेंसर की खराब हो जाता है तो ये लाइट अपने आप डैशबोर्ड पर जलने लगती है. दरअसल, इंजन ऑन होने पर कार के अलग-अलग पार्ट्स में लगा हर सेंसर अपनी जानकारी ईसीएम यूनिट (ECM Unit) को भेजता है. इससे ईसीएम को पता चलता है कि कार का वह पार्ट ठीक तरह से काम कर रहा है. अगर सेंसर खराब हो जाए तो वह ईसीएम को सिग्नल नहीं भेज पाएगा और ऐसे में कार चेक इंजन लाइट को जलाकर यह संकेत दे देती है कि उसमें कुछ प्रॉब्लम है.
चेक इंजन लाइट जले तो क्या हो सकता है फॉल्ट?
चेक इंजन लाइट के जलने के कई कारण हो सकते हैं. हो सकता है कि कार का कोई एक सेंसर खराब हो या फिर कई सेंसर एक साथ खराब हो गए हों. इस लाइट के जलने के कुछ प्रमुख कारणों में हैं स्पार्क प्लग/वायर में खराबी, एयर मास सेंसर का फेल होना, वैक्यूम लीक, डेड बैटरी, मैप सेंसर, क्रैंक सेंसर और फ्यूल रेल सेंसर की खराबी. कार के उपकरणों से जुड़े सेंसर में गड़बड़ी के वजह से ही चेक इंजन लाइट जलती है.
चेक इंजन लाइट ऑन होने पर क्या करना चाहिए?
ड्राइव करते समय इंजन अगर चेक इंजन लाइट जल जाए तो आपको इसे इग्नोर नहीं करना चाहिए. चेक इंजन लाइट के जलने पर यदि आपको पिकअप या माइलेज में कमी दिखे, तो आपको तुरंत अपनी कार को मैकेनिक या वर्कशॉप पर ले जाकर स्कैन करवाना चाहिए. मैकेनिक आपकी कार में ओबीडी स्कैनर (OBD Scanner) लगाकर खराबी का पता लगा सकता है. स्कैनर में मिलने वाले फॉल्ट कोड के अनुसार उसे रिपेयर किया जा सकता है.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Cars
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 15:09 IST






