
मोहित राठौर/शाजापुर. समय रहते अतिक्रमण पर अंकुश न लगाया जाए तो घातक परिणाम देखने को मिल सकते है. ऐसा ही कुछ नजारा शाजापुर पुराने एबी रोड का है. अवैध ठेलों का यहाँ जमावड़ा लगा रहता है. शहरी हाइवे के किनारे पसरे हुए अतिक्रमण के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं.
शिकायत के बाद भी जिम्मेदार इस अतिक्रमण को हटा पाने में विफल रहे है. लिहाजा अब इन अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा हाइवे से लेकर शासकीय परिसर के अंदर भी अस्थाई अतिक्रमण किया जाने लगा है. यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में ये अस्थाई अतिक्रमण बड़ी परेशानी खड़ा कर सकता है.
अधिकारी के चेतावनी के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण
पुराने डीपो के बाहर बड़ी संख्या में अस्थाई अतिक्रमण है. समस्या को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी अतिक्रमण को हटाने की बात कह चुके हैं. कई बार नगर पालिका का अमला भी अतिक्रमणकर्ताओं की सीमा तय कर चुका है. इसके बाद भी अतिक्रमणकर्ता सडक़ तक अपनी दुकान का सामान जमा लेते है. इससे यहां से गुजरने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. बताया जाता है कि इन सभी सब्जी और फल विक्रेताओं को केवल हाथ ठेला रखने की अनुमति है, लेकिन ये सभी 20-20 फीट तक अतिक्रमण करके रखे हुए है. जिन्हे हटाना मानो पहाड़ तोड़ने के बराबर नजर आ रहा है.
बढ़ता जा रहा है अतिक्रमण
पुराने डीपो परिसर के बाहर अतिक्रमण करके व्यापार करने वालों ने परिसर के अंदर लंबे समय से हाथ ठेलों को रखा हुआ है. रखे-रखे ये हाथ ठेले भंगार हो गए हैं. वहीं अब इन हाथ ठेलों के आसपास प्लास्टिक कैरेट रखे जाने लगे है. ऐसे में यहां पर अस्थाई अतिक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है.
उक्त मामले पर जब नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन ने बताया है कि पुराने डीपो के बाहर की ओर अतिक्रमण को हटाने के लिए कार्रवाई की जाएगी. यदि डीपो के अंदर भी अस्थाई अतिक्रमण हो रहा है तो मौके पर पहुंचकर वस्तु स्थिति को देखा जाएगा. इसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी.
.
Tags: Latest hindi news, Local18, Madhya pradesh news
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 10:58 IST






