मुंबई: ट्राइडेंट होटल में आग की खबर अफवाह… मुंबई फायर ब्रिगेड ने कहा- रखरखाव ड्रिल, फोटो और वीडियो हुआ था वायरल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मुंबई: मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित ट्राइडेंट होटल बिल्डिंग में रविवार सुबह आग लगने की खबर आग की तरह फैल गई. इसके कई वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लेकिन बाद में इस खबर की सच्चाई सामने आ गई. होटल से धुएं के निकलने की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड ने इस खबर की सच्चाई बताई.

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार मुंबई फायर ब्रिगेड का कहना है कि नरीमन प्वाइंट स्थित ट्राइडेंट होटल बिल्डिंग में आग नहीं लगी. फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने कहा, ‘यह आग की घटना नहीं थी, एक नियमित रखरखाव ड्रिल थी, जहां उनकी चिमनी से कुछ धुआं निकल रहा था और यह आग की तरह लग रहा था. हम अपनी टीमों को मौके पर भी ले गए, लेकिन वहां कुछ भी नहीं था, हम अब भी मौके पर हैं.’

इंटरनेट पर ट्राइडेंट होटल की बिल्डिंग में आग लगने की फोटो और वीडियो वायरल हुए, इनमें देखा जा सकता है कि इमारत की छत से काला धुआं निकल रहा है. इससे पहले चीफ फायर ऑफिसर ने कहा कि ‘मुंबई के ट्राइडेंट होटल में आग लग गई है. अग्निशमन अधिकारियों की एक टीम को होटल रवाना किया गया. हमें आग के बारे में होटल से जानकारी नहीं मिली है. होटल की इंटर्नल फायर सेफ्टी सिस्टम द्वारा इसे नियंत्रित किया गया.’

वहीं इस मामले में ट्राइडेंट होटल का भी बयान सामने आया है. होटल मैनेजमेंट का कहना है कि होटल में आग नहीं लगी थी. होटल में चिमनी साफ करने का काम चल रहा था, इसी कारण काला धुआं दिखाई दे रहा था. बता दें कि इससे पहले भी मुंबई के ट्राइडेंट होटल में आग लग चुकी है. उस समय आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया था. हालांकि, इस आग में कोई जनहानि नहीं हुई थी. होटल बिल्डिंग को भी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा था.

Tags: Fire, Maharashtra News, Mumbai

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें