
हाइलाइट्स
कई कारें कंपनियों की किस्मत बदल देती हैं.
मार्केट में बने रहने के लिए किसी एक माॅडल का हिट होना जरूरी है.
ऐसा ही कुछ टाटा मोटर्स के साथ भी हुआ.
नई दिल्ली. आज एक ऐसी गाड़ी की बात करते हैं, जिसने एक दिग्गज कंपनी को उसके बुरे वक्त से उबारने में सहायता की. कंपनी ने 2016 में जब इस कार को बाजार में उतारी तो उस वक्त वह करीब-करीब कार बाजार से बाहर हो चुकी थी. उसकी गाड़ियों के लिए दीया लेकर ग्राहक खोजे जा रहे थे. फिर कंपनी एक बेहतरीन एंट्री लेवल कार लेकर आई जो कई अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप थी. उसमें 1200cc का इंजन लगा था. लेकिन, बाजार में उसे बेहद प्रतियोगी कीमत पर उतारा गया. उसे मारुति सुजुकी की सबसे सफल कार ऑल्टो के ऑल्टो के10 ब्रांड से भी कम कीमत में लॉन्च किया गया. ऑल्टो के10 में 998cc का इंजन लगा है. फिर क्या था. इस कार की सवारी कर कंपनी भी सरपट दौड़ने लगी. वह एक से बढ़कर एक नए-नए मॉडल लाने लगी. बेहद अल्प काल में वह देश की तीसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी बन गई है.
मई 2023 में इस कंपनी की बाजार हिस्सेदारी करीब 13.67 फीसदी रही. वहीं अप्रैल 2023 में उसकी बाजार हिस्सेदारी 14.72 फीसदी हो गई थी और वह दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी बन गई थी. हालांकि मई में एक बार फिर ह्यूदाई दूसरे नंबर पर आ गई है और उसकी बाजार हिस्सेदारी 14.5 फीसदी के आसपास रही. दरअसल, हम जिस कार की बात कर रहे हैं उसका नाम है टाटा टियागो. टाटा मोटर्स ने कई फ्लॉप कार उतारने के बाद अपनी रणनीति बदली और अप्रैल 2016 में 1200cc की बेहतरीन सेफ्टी फीचर्स वाली हैचबैक कार लॉन्च की. उस वक्त इसके बेस मॉडल को मात्र 3.20 लाख रुपये के एक्स शो रूम कीमत पर लॉन्च किया गया जो उस वक्त ऑल्टो के10 के दाम से भी कम था.
बदल गया एंट्री लेवल कार मार्केट
उसके बाद क्या… इस कार ने एंट्री लेवल कार मार्केट को पूरी तरह बदल दिया. बेहद तेजी से टाटा की यह कार ग्राहकों की पसंद बनने लगी. हर माह इसकी अच्छी खासी बिक्री होने लगी. आज की तारीख में यह औसतन हर माह 8 से 9 हजार यूनिट्स बिक रही है. आज इस कार के बेस मॉडल की कीमत 5.60 लाख रुपये और ऑन रोड प्राइस 6.18 हजार रुपये है. वहीं इसके टॉप मॉडल की कीमत 9 लाख रुपये तक जाती है. कंपनी ने टाटा टियागो के इलेक्ट्रिक और सीएनजी वर्जन को भी लॉन्च कर दिया है. बीते सात साल में इस कार की 5 लाख से अधिक यूनिट्स बिक चुकी है.
75 फीसदी बढ़े दाम
टाटा टियागो के कीमत की बात करें तो बीते सात साल में इस कार की कीमत में 75 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. 3.20 लाख की कार आज 5.60 लाख हो गई है. यानी इसकी कीमत में 2.4 लाख की बढोतरी हुई है. दूसरी तरह मारुति की एंट्री लेवल कार ऑल्टो के10 के बेस मॉडल की कीमत आज केवल 4.45 लाख है. यानी सात साल में इसकी कीमत में करीब एक लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
13 वैरिएंट में उपलब्ध है ये कार
टाटा ने अपनी इस कार की सफलता से उत्साहित होकर बाजार में लगातार कई कारें लॉन्च की है. इसमें अल्ट्रोज, टिगोर, पंच, अल्ट्रोज जैसी कई गाड़ियां उतारी है. टाटा टियागो की ही बात करें तो आज इस गाड़ी के 13 वैरिएंट बाजार में उपलब्ध है. इन वैरएंट्स की ऑनरोड कीमत 6.60 लाख से लेकर 9.10 लाख के बीच हैं.
.
Tags: Tata Motors, Tata Tiago
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 16:33 IST






