
हाइलाइट्स
पाकिस्तान ने आज ही के दिन चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी
6 साल पहले भारत को फाइनल में हराकर जीता था खिताब
नई दिल्ली. कई महीनों की खींचतान के बाद ये साफ हो गया कि एशिया कप 2023 होगा. इस बार टूर्नामेंट हाईब्रिड मॉडल के तहत होगा. 4 मैच पाकिस्तान में खेले जाएंगे. जबकि फाइनल समेत बाकी मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे. यानी क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप से पहले रोमांचक क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा. वैसे भी भारत-पाकिस्तान की टीमें जब आमने-सामने होती हैं, तो फिर क्रिकेट अलग स्तर का होता ही है. ऐसा ही एक मैच दोनों टीमों के बीच 2017 में आज ही के दिन यानी 18 जून को खेला गया था. इस मुकाबले में भारत-पाकिस्तान का क्रिकेट इतिहास बदला गया था. भारत को इस मैच में कभी न भूलने वाला जख्म मिला था. युवा खिलाड़ियों से सजी पाकिस्तान टीम ने भारत को आईसीसी टूर्नामेंट के नॉक आउट में हराने का बड़ा कारनामा किया था.
हम बात कर रहे हैं इंग्लैंड में 2017 में हुई चैंपियंस ट्रॉफी की. इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत की टक्कर पाकिस्तान से हुई थी. रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के होने के बावजूद भारतीय टीम ये मुकाबला छोटे-मोटे अंतर से नही, बल्कि 180 रन से हारी थी. ये आईसीसी टूर्नामेंट में भारत की पाकिस्तान के हाथों सबसे बड़ी हार थी.
पाकिस्तान ने फाइनल में ठोके थे 338 रन
इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. भारत पर यही फैसला आगे भारी पड़ा. क्योंकि युवा खिलाड़ियों से सजी पाकिस्तान टीम ने 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 338 रन ठोक डाले थे. अपना चौथा मैच खेल रहे ओपनर फखर जमां ने 106 गेंद में 114 रन की तूफानी पारी खेली थी. ये अलग बात है कि इसमें जमां की किस्मत का भी रोल था. क्योंकि चौथे ओवर में वो जिस गेंद पर लपके गए थे, वो नो बॉल थी. बस, इसके बाद फखर ने अजहर अली और बाबर आजम के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और पाकिस्तान ने फाइनल में 338 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया.
भारत को पाकिस्तान ने 180 रन से हराया था
टीम इंडिया के पास तब जिस तरह की बैटिंग लाइन अप थी, उसे देखते हुए किसी ने भी ये नहीं सोचा था कि टीम इंडिया 180 रन से ये मैच हार जाएगी. रोहित, शर्मा, शिखऱ धवन, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी के होते हुए भारत को शर्मनाक हार का मुंह देखना पड़ा. पाकिस्तान के बाएं हाथ के पेसर मोहम्मद आमिर टीम इंडिया पर कहर बनकर टूटे. उन्होंने रोहित शर्मा, शिखर धवन और विराट कोहली का शिकार कर टीम इंडिया की कमर तोड़ दी.
VIDEO: ये कैसा जश्न… सेंचुरी जड़ शेर की तरह लगाई दहाड़, हवा में मारी जंप, फिर जोश में खोया होश!
टीम इंडिया के हाथ से फिसली थी चैंपियंस ट्रॉफी
इसके बाद युवराज सिंह 22, एमएस धोनी 4 और केदार जाधव 9 रन पवेलियन लौट गए. हार्दिक पंड्या ने जरूर 6 छक्के और 4 चौके जड़ 43 गेंदों में 76 रन बनाए. लेकिन ये पारी भी टीम इंडिया की हार नही टाल सकी. नतीजा टीम इंडिया महज 158 रनों पर ढेर हो गई और उसने 180 रन से मैच और चैंपियंस ट्रॉफी का ताज गंवा दिया.
.
Tags: Asia cup, Babar Azam, Champions Trophy, India Vs Pakistan, On This Day, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 07:53 IST






