
अनुज गौतम/सागर: अगर आप आइसक्रीम खाने के शौकीन हैं और ऊपर से ताजा फ्रेश फ्रूट आइसक्रीम खाना चाहते हैं तो बुंदेलखंड की प्रसिद्ध फ्रूट आइसक्रीम का रुख कीजिए. यहां आपकी आंखों के सामने ताजे फलों से महज 5 मिनट में देखते ही देखते आम, पपीता, पिस्ता, बादाम, दूध, मावा को मिलाकर लजीज और स्वादिष्ट आइसक्रीम तैयार की जाती है. इस आइसक्रीम के खाने से स्वास्थ्य पर भी फर्क नहीं पड़ता है.
यह फटाफट आइसक्रीम सेहत के लिए काफी हद तक ठीक मानी जाती है, क्योंकि इसमें सेहत के लिए नुकसानदायक चीजों का इस्तेमाल नहीं किया जाता. यही वजह है कि फ्रूट आइसक्रीम आंखों के सामने बनवा कर खाना लोगों को पसंद आ रहा है. सागर के संजय ड्राइव रोड पर सागर महोत्सव मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें रोलर से बनने वाली फ्रूट आइसक्रीम का स्टॉल है. आइसक्रीम खाने वालों को यह काफी पसंद आ रहा है.
टीकमगढ़ से आए भगवान दास ठाकुर बताते हैं कि यह पुरानी चीज है, जो अंग्रेजों के समय से चली आ रही है. एक लोहे का गोल बॉक्स होता है, जिसके अंदर बर्फ को भर देते हैं. फिर टेबल पर रखे स्टैंड पर ऐसे सेट करते हैं और गोल-गोल घुमाते हैं. इस पर फल को घिसते हैं. फिर दूध मावा मलाई इसमें मिक्स कर देते हैं. देखते ही देखते इससे आइसक्रीम तैयार हो जाती है. एक आइसक्रीम की कीमत 30 रुपए है.
पुरानी परंपरा बचाए रखी है.
भगवानदास बताते हैं कि इससे ज्यादा मुनाफा तो नहीं होता है, लेकिन एक पुरानी और पारंपरिक चीज जो विलुप्त होने की कगार पर पहुंच गई है, वह जरूर जीवित है. साथ ही आज की जो पीढ़ी है और आने वाली पीढ़ी है, वह यह जान सके कि केवल बड़े बड़े कारखानों और मशीनों में ही नहीं, इंसान के हाथों में भी वह जादू होता है जो बहुत कुछ कर सकते हैं.
.
Tags: Food 18, Ice cream parlour, Local18, Sagar news
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 22:51 IST






