अब सीमा में घुसते ही PAK आतंकियों को ठोकेंगे NSG कमांडो, हब बनाने पंजाब सरकार देगी 103 एकड़ फ्री जमीन

हाइलाइट्स

पाकिस्तान से आतंकी घुसपैठ की घटनाओं रोकने पठानकोट में एनएसजी विंग स्थापित करने की जरूरत थी
अभी एनएसजी के कमांडोज की मूवमेंट केंद्र को देश के अन्य हिस्सों से करवानी पड़ती है

एस. सिंह

चंडीगढ़. आतंकवाद से निपटने के लिए पंजाब में एनएसजी का हब बनाया जाएगा ताकि देश की सीमाओं को और सुरक्षित रखा जा सके. इसी को देखते हुए देश की उत्तरी सीमाओं पर आतंकवाद से निपटने के मकसद से पंजाब सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के क्षेत्रीय हब की स्थापना के लिए 103 एकड़ जमीन मुफ्त देगी. फिलहाल एनएसजी का सेंटर पठानकोट जिले के स्कोल गांव में है जो पश्चिम में पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है. एनएसजी को जमीन मुहैया करवाने का मामला पिछले तीन साल से अधर में लटका हुआ था, क्योंकि केंद्र सरकार यह जमीन मुफ्त में चाहती थी, जबकि पंजाब सरकार इसके लिए पैसों का भुगतान चाह रही थी.

जानकारी के मुताबिक अब पंजाब सरकार ने गृह मंत्रालय (एमएचए) को पत्र लिखकर कहा है कि केंद्र सरकार ने पठानकोट में एनएसजी हब स्थापित करने के लिए अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है. इस संबंध में पंजाब सरकार ने एनएसजी के क्षेत्रीय हब की स्थापना के लिए पठानकोट जिले के स्कोल गांव में 103 एकड़ मुफ्त जमीन देने का फैसला किया है. इसके साथ ही जल्द से जल्द एनएसजी रीजनल हब की स्थापना की प्रक्रिया शुरू करने को लेकर अनुरोध भी किया है.

पाकिस्तान से आतंकी घुसपैठ की घटनाओं से उठ रही थी मांग
पठानकोट में एनएसजी विंग स्थापित करने की मांग पाकिस्तान से आतंकवादियों के घुसने की घटनाओं में वृद्धि के बाद उठी थी. बताया जा रहा है कि स्कोल गांव में एक एकड़ जमीन की कीमत करीब 15 लाख रुपए है, लेकिन राष्ट्रीय हित में सरकार अब इस जमीन को केंद्र को सौंप देगी. यहां एनएसजी का हब बनने से आतंकी घुसपैठ की घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण रखा जा सकेगा.

अभी आपात स्थिति में दूर से आते हैं कमांडो
गौरतलब है कि आतंकी हमलों और अन्य आपात स्थिति में एनएसजी के कमांडोज की मूवमेंट केंद्र को देश के अन्य हिस्सों से करवानी पड़ती है. 2016 में पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले से निपटने के लिए केंद्र ने एनएसजी कमांडो भेजे थे, जिन्होंने उग्रवादियों को मार गिराया था. कई बार पंजाब में हुए विस्फोटों की जांच लिए भी एनएसजी के कर्मियों को लंबी यात्रा करने के बाद पंजाब पहुंचना पड़ा है.

पंजाब और पाकिस्तान के बीच 553 किलोमीटर की सीमा
पंजाब पाकिस्तान के साथ 553 किलोमीटर की सीमा साझा करता और पड़ोसी देश के आतंकवादी हमलों के लिए संवेदनशील है, जिसे देखते हुए पंजाब सरकार ने मुफ्त जमीन मुहैया करवाने का फैसला लिया.

Tags: Bhagwant Mann, Chandigarh news, NSG, Pakistan Terrorist, Punjab news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More