
गुलशन सिंह/बक्सर. खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकार भी कई योजनाएं चला रही है. खेल के प्रति सरकार की सकारात्मक पहल का नतीजा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिलने लगा है. ग्रामीण परिवेश में पले बढ़े बच्चे भी अब खेल क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने लगे है. वहीं सॉफ्ट टेनिस एसोशिएशन ऑफ बक्सर के सेक्रेटरी नमो नारायण मिश्रा डुमरांव राज हाई स्कूल के खेल मैदान में स्कूली बच्चों को फ्री में ट्रेनिंग दे रहे हैं. पिछले माह इसी एशोसिएशन से ट्रेनिंग लेकर डुमरांव के सागर कुमार ने राज्यस्तरीय सॉफ्ट टेनिस टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान सम्मान बढ़ाया था. सेक्रेटरी नमो मिश्रा ने बताया कि जहानाबाद स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में सातवां बिहार राज्य साफ्ट टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था. जिसमें बक्सर की टीम ने भी हिस्सा लिया था. तीन दिवसीय चैंपियनशिप में जिले के सागर सिंह कांस्य पदक हासिल किया.
कोच नमो मिश्रा ने बताया कि जिले के खिलाड़ियों को अभी और अभ्यास करने की आवश्यकता है. इसके लिए डुमरांव में स्पोट्र्स कांप्लेक्स बनाने की तैयारी चल रही है. जहां खिलाड़ी अभ्यास कर अपनी क्षमता को विकसित करेंगे. फिलहाल, राज हाई स्कूल के मैदान में प्रतिदिन 20 खिलाड़ियों का अभ्यास करा रहे हैं.वहीं टेनिस खेल जोड़ने के लिए लगातार स्कूलों का दौरा कर बच्चों को खेल के प्रति जागरूक भी कर रहे है. कोच नमो मिश्रा का मानना है कि खेल के क्षेत्र में भी कैरियर के अपार संभावनाएं हैं. जरूरत है तो बस दृढ़ इच्छाशक्ति की. आज कल खिलाड़ियों को सरकार बहुत सारी सुविधाएं दे रही है खेल से बच्चों के मानसिक और शारिरिक विकास होता है. इसके अलावा स्पोर्ट कोटा से सरकारी नौकरी होने की ज्यादा चांसेज होती है. आने वाले दिनों में सॉफ्ट टेनिस एशोसिएशन ऑफ बक्सर के बैनर तले डुमरांव में जिला स्तरीय टेनिस टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जाएगा जिसकी तैयारियां चल रही है.
सॉफ्ट टेनिस एशोसिएशन ने जारी किया खेल कैलेंडर
कोच नमो मिश्रा ने बताया कि सॉफ्ट टेनिस एसोशिएशन ऑफ बिहार ने सत्र 2023-24 के लिए अपना खेल कैलेंडर भी जारी किया है. टैलेंट सर्च प्रोग्राम के तहत सूबे के विभिन्न विद्यालयों में जाकर प्रतिभावान बच्चों को टेनिस के लिए फ्री में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो आगे चलकर बिहार के लिए मेडल जीतेंगे. इतना ही नहीं जारी कैलेंडर के अनुसार अगस्त माह में बिहार सॉफ्ट टेनिस, क्रिकेट, कबड्डी की तर्ज पर अपना प्रीमियर लीग कराएगा. वहीं 7 से 9 अक्टूबर तक पटना में राज्यस्तरीय टेनिस प्रतियोगिता होगी. इसके अलावा दिसंबर माह में छठवीं बिहार राज्य सॉफ्ट टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता रोहतास जिले के सासाराम में आयोजित की जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 15:04 IST






