Cyclone Biparjoy: बाड़मेर में बिपरजॉय तूफान के कारण तेज हवाओं के साथ बारिश, सेना-BSF ने संभाला मोर्चा

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मनमोहन सेजू/बाड़मेर. अरब सागर से उठे बिपरजॉय तूफान का असर राजस्थान के बाड़मेर जिले में नजर आने लगा है. भारी बारिश और रेड जोन की चेतावनी के बाद बाड़मेर के सरहदी इलाके में सेना और सीमा सुरक्षा बल ने मोर्चा संभाल लिया है. जिला प्रशासन ने कई गांवों के लोगों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया है. वहीं, कई जगहों पर लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजने की तैयारी की जा रही है. बाड़मेर में अभी तक 5,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. जबकि, इतने ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है.

चक्रवात बिपरजॉय को लेकर गुजरात व राजस्थान के कई जिले हाई अलर्ट पर हैं. शुक्रवार की शाम को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित बाखासर के रण से इसकी एंट्री हुई. 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश हुई. सीमा से सटे गांवों में एसडीआरएफ, सेना, बीएसएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं. जल भराव वाले इलाकों से प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.

तूफान की रफ्तार ज्यादा होने से पेड़, बिजली के पोल और कच्चे घरों को जबरदस्त नुकसान हुआ है. बाखासर, सेड़वा, साता, धनाऊ, बाड़मेर सहित चौहटन इलाके में तेज बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 16 व 17 जून को बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है. बाड़मेर के रास्ते बिपरजॉय तूफान की राजस्थान में एंट्री हुई है. गुजरात के कच्छ से सटे इलाकों में शुक्रवार को दिन भर तेज हवाएं चलीं. एसडीआरएफ, सेना, एयरफोर्स, बीएसएफ, पुलिस व जिला प्रशासन की टीमें तूफान से सर्वाधिक प्रभावित होने वाले सेड़वा, बाखासर, धोरीमन्ना, धनाऊ, चौहटन, गडरारोड व गुड़ामालानी इलाके में भेजी गई हैं.

बाड़मेर के जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने सभी अधिकारियों और कार्मिकों की छुट्टियां निरस्त (रद्द) करते हुए 24 घंटे कंट्रोल रूम के जरिए स्थिति पर नजर रख रहे हैं. उनके मुताबिक 5,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है. जबकि, पांच हजार और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम जारी है. निचले इलाको की बस्तियों को खाली करवा कर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है.

Tags: Barmer news, Cyclone Biparjoy, Local18, Rajasthan news in hindi, Toofan

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें