
नई दिल्ली. Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने ‘कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम’ (सीएसएएस) की शुरुआत कर दी है. इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए 78 स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. इच्छुक और योग्य स्टूडेंट सीएसएएस पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय ने नये शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षाएं 16 अगस्त से शुरू होने की उम्मीद है.
बता दें कि पिछले साल की तरह इस साल भी केंद्रीय विश्वविद्यालय-संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) के स्कोर के आधार पर एडमिशन किए जाएंगे. विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा, विश्वविद्यालय ने अब अपना ‘कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम’ (सीएसएएस (यूजी) -2023) की शुरुआत की है, जो एडमिशन के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराता है.
Delhi University: रजिस्ट्रेशन शुल्क
दिल्ली विश्वविद्यालय में अनारक्षित तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्रों के लिए 250 रुपये और अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूडी) छात्रों के लिए 100 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित है. स्टूडेंट विश्वविद्यालय के 68 कॉलेज में 78 स्नातक प्रोग्राम के अलावा, 198 बीए प्रोग्राम में एडमिशन ले सकते हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी कॉलेज में कुल 71,000 सीट हैं. इस वर्ष तीन नए बी.टेक पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं, जिनमें छात्रों को उनके ‘जेईई-मेन्स 2023’ के अंकों के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा. अब तक बी.कॉम (ऑनर्स) सबसे अधिक मांग वाले स्नातक पाठ्यक्रम के रूप में उभरा है, जिसमें लगभग 1.3 लाख छात्रों ने सीयूईटी-यूजी के दौरान इसमें रुचि दिखाई है. वहीं, परास्नातक स्तर पर एमए (राजनीति शास्त्र) में छात्र सबसे अधिक रुचि दिखा रहे हैं.
दो चरणों में पूरा होगा रजिस्ट्रेशन
सीएसएएस (यूजी) रजिस्ट्रेशन को दो चरणों में विभाजित किया गया है. पहला चरण एक पंजीकरण प्रक्रिया है, जिसमें उम्मीदवारों को अपने व्यक्तिगत विवरण और 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों को भरना होगा. प्रक्रिया का दूसरा चरण जुलाई के दूसरे सप्ताह में सीयूईटी (यूजी) के रिजल्ट की घोषणा के साथ शुरू होगा.
.
Tags: College education, Delhi University, DU
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 19:54 IST






